प्रमंडलीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में जहानाबाद की बेटियों ने लहराया परचम, वॉलीबॉल में जीता स्वर्ण
वॉलीबॉल अंडर-17 बालिका टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित, ताइक्वांडो में भी खिलाड़ियों ने जीते पदक
विद्यालय खेल प्रतियोगिता में जहानाबाद की बेटियों का शानदार प्रदर्शन
जहानाबाद : प्रमंडलीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में जहानाबाद की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया है। वॉलीबॉल अंडर-17 बालिका वर्ग में जिले की टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर राज्य स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में अपनी जगह पक्की कर ली। वहीं, कबड्डी और ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं में भी जिले के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए।
जिला पदाधिकारी छिरिंग वाई भूटिया के निर्देशानुसार नौ अक्टूबर को कबड्डी अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालिका वर्ग तथा वॉलीबॉल अंडर-17 बालिका वर्ग की टीम को मगध प्रमंडल के गयाजी में आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना किया गया था। उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा होमा इरफान ने खिलाड़ियों को रवाना किया।
वॉलीबॉल में स्वर्ण, कबड्डी में उपविजेता
वॉलीबॉल अंडर-17 बालिका वर्ग में जहानाबाद की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। विजेता टीम में ईशा कुमारी, प्राची कुमारी, खुशी कुमारी, अंजली कुमारी, अमृता कुमारी और ललिता कुमारी शामिल हैं। टीम के प्रभारी उच्च विद्यालय मलाठी के शारीरिक शिक्षक चंदन कुमार रहे।
वहीं, कबड्डी अंडर-14 बालिका वर्ग में जहानाबाद की टीम उपविजेता रही। इस टीम के प्रभारी शारीरिक शिक्षक सुधीर कुमार और आशीष कुमार थे।
ताइक्वांडो में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दम
ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भी जहानाबाद के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। अंडर-17 बालिका वर्ग में कनक सिंह ने स्वर्ण पदक जीता। अंडर-14 बालिका वर्ग में सोनाक्षी यादव ने रजत पदक हासिल किया। वहीं, अंडर-14 बालक वर्ग में सूर्यांश कुमार और आयुष्मान कुमार ने रजत पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया। ताइक्वांडो टीम के प्रशिक्षक प्रभारी गांधी इंटर विद्यालय, कृष्णाश्रम सिकरिया के शारीरिक शिक्षक अमर कुमार थे।
डीएम ने खिलाड़ियों को दी बधाई
जिला पदाधिकारी छिरिंग वाई भूटिया ने पदक विजेता खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। जिला प्रशासन ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।