रुद्राक्षा क्रिकेट लीग के फाइनल में फाइनेंस इलेवन का दबदबा, एलीट इलेवन को हराकर जीती विजेता ट्रॉफी
डॉ. राकेश धरवाल ने नशे के खिलाफ एंटी चिट्टा मुहिम को मजबूत करने का किया आह्वान, खेलों को बताया युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम
जोगिंदर नगर/उमेश कुमार।
रुद्राक्षा वेलफेयर सोसाइटी की ओर से आयोजित रुद्राक्षा क्रिकेट लीग का फाइनल मुकाबला उत्साह और रोमांच के साथ संपन्न हुआ। फाइनल में फाइनेंस इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एलीट इलेवन को हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव एवं जय मां दुर्गा कॉलेज ऑफ नर्सिंग के निदेशक डॉ. राकेश धरवाल ने शिरकत की। इस दौरान नगर परिषद जोगिंदर नगर के पूर्व उपाध्यक्ष प्यार चंद ठाकुर और युवा मंडल के मुख्य सलाहकार राकेश कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए फाइनेंस इलेवन ने निर्धारित 15 ओवरों में 152 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एलीट इलेवन की टीम फाइनेंस इलेवन की गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और महज 60 रनों पर सिमट गई। इस तरह फाइनेंस इलेवन ने शानदार जीत दर्ज कर लीग की विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। आयोजकों ने विजेता टीम को बधाई दी और उपविजेता एलीट इलेवन के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की भी सराहना की।
युवाओं को नशे से दूर रखने में खेलों की अहम भूमिका : डॉ. धरवाल
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि डॉ. राकेश धरवाल ने अपने संबोधन में नशे के खिलाफ चल रही एंटी चिट्टा मुहिम को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। खेल न केवल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि उनमें अनुशासन, टीम भावना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं।
उन्होंने रुद्राक्षा वेलफेयर सोसाइटी की सराहना करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को एक सकारात्मक मंच प्रदान करना समाज के लिए सराहनीय पहल है। उन्होंने सोसाइटी से भविष्य में भी खेल प्रतियोगिताओं और नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन जारी रखने का आह्वान किया, ताकि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखकर स्वस्थ एवं सकारात्मक समाज का निर्माण किया जा सके।
इस अवसर पर अन्य अतिथियों ने भी सोसाइटी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में खेल भावना, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देते हैं।
अंत में रुद्राक्षा वेलफेयर सोसाइटी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, दोनों टीमों के खिलाड़ियों, प्रायोजकों, सहयोगियों और आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।