#बालाघाट
कमला नेहरू कन्या महाविद्यालय में करियर अवसर मेला एवं प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित
स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के अंतर्गत शासकीय कमला नेहरू कन्या महाविद्यालय, बालाघाट में एक दिवसीय करियर अवसर मेला एवं प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं एवं युवाओं को रोजगार, कौशल विकास, स्वरोजगार तथा करियर निर्माण के विभिन्न अवसरों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद श्रीमती भारती पारधी उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती गौस्या हरिमखेड़े, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती ठाकुर एवं उपाध्यक्ष श्री योगेश बिसेन सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर डॉ. अशोक कुमार मराठे, महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. निधि ठाकुर, कार्यक्रम संयोजक डॉ. दीपरता मासूलकर, डॉ. दीप्ति गढ़पाते, डॉ. दीपा परते, डॉ. प्रियंक चौबे, श्री सुनील कुमार राणा, श्री विनोद चाकुर सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं बैज लगाकर स्वागत किया गया। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने, कौशल विकसित करने तथा अपनी रुचि और योग्यता के अनुरूप करियर का चयन करने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. निधि ठाकुर ने अपने संबोधन में ऐसे आयोजनों को शिक्षा एवं रोजगार के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में करियर मार्गदर्शन एवं रोजगारपरक गतिविधियों की भूमिका पर प्रकाश डाला। साथ ही पूर्व सांसद श्री ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नवनियुक्त राज्यपाल बनाए जाने पर शुभकामनाएँ व्यक्त कीं। करियर अवसर मेले में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, रुद्रायु रोजगार प्राइवेट लिमिटेड, सतपुड़ा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, प्रपास इंस्टीट्यूट, बाइसेफ, अन्नपूर्णा कंप्यूटर, मोनिका गृह उद्योग, शक्ति सदन, वन स्टॉप सेंटर तथा महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न संस्थाओं ने सहभागिता की। संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने छात्राओं को रोजगार एवं प्लेसमेंट के अवसरों, कौशल विकास, प्रशिक्षण और स्वरोजगार से संबंधित जानकारी प्रदान की।
इस आयोजन के माध्यम से छात्राओं को विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी प्राप्त करने तथा रोजगार की संभावनाओं से जुड़ने का अवसर मिला। कार्यक्रम ने युवाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने और अपने भविष्य के लिए बेहतर करियर विकल्प चुनने हेतु प्रेरित किया।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #HigherEducation
Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 14, 2026