#बालाघाट
ग्राम बरखो में मनाया जल अर्पण दिवस, नल-जल योजना ग्राम पंचायत को सौंपी
जल संरक्षण का लिया संकल्प, रंगोली, जल वंदना और जल परीक्षण सहित हुईं जागरूकता गतिविधियां
बालाघाट विकासखंड की ग्राम पंचायत मोहगांव (माल) के ग्राम बरखो में बुधवार को जल अर्पण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित नल-जल योजना विधिवत रूप से ग्राम पंचायत को हस्तांतरित की गई। योजना के शुरू होने से ग्रामीणों को घर-घर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की ब्लॉक समन्वयक रानी सिंह राजपूत एवं शीतल मिश्रा, ग्राम पंचायत सरपंच श्री सरदार सिंह परते, उपसरपंच श्री सुनील गोवारीकर, सचिव श्री धर्मेंद्र बिसेन, सहायक सचिव श्री बलराम गोवारीकर सहित पंचगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं, आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों को मिलेगा घर-घर शुद्ध पेयजल
नल-जल योजना का उद्देश्य गांव के प्रत्येक घर तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाना है। योजना के हस्तांतरण के दौरान विभागीय अधिकारियों ने पंचायत प्रतिनिधियों को इसके संचालन, रखरखाव एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी, ताकि योजना का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सके। इससे पानी के लिए दूरस्थ स्रोतों पर निर्भर रहने वाले ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को राहत मिलने की उम्मीद है।
जल संरक्षण के प्रति किया जागरूक
जल अर्पण दिवस के अवसर पर गांव में रंगोली सज्जा, जल शृंगार, जल वंदना, प्रभात फेरी एवं जनजागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं। एफटीके किट के माध्यम से पेयजल का परीक्षण भी किया गया। ग्रामीणों को पानी की बर्बादी रोकने, जल स्रोतों को संरक्षित करने तथा पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने नल-जल योजना के जिम्मेदारीपूर्वक संचालन और जल संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। योजना ग्राम पंचायत को सौंपे जाने से ग्राम बरखो में उत्साह का माहौल रहा।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP
#JalArpanDiwas #JalJeevanMission #minphemp
2 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 14, 2026