ग्राम पंचायतों में विशेष सफाई अभियान, कूड़ा पृथक्करण के लिए ग्रामीणों को किया जागरूक
हरदोई। सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद की ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया उपाध्याय ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में सफाई कर्मचारियों की टीमों के लिए सफाई का रोस्टर निर्धारित किया गया है।
रोस्टर के अनुसार सफाई कर्मचारियों द्वारा गांवों में नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई सहित विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जनपद के प्रत्येक विकासखंड की पांच-पांच ग्राम पंचायतों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान गांवों में साफ-सफाई कराने के साथ ही एकत्रित कूड़े का पृथक्करण कराया गया। इसके अलावा ग्रामीणों को गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग रखने तथा कूड़े के समुचित निस्तारण के संबंध में जागरूक किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और कूड़े को निर्धारित स्थान पर ही डालने की अपील की।
Bilgram, Hardoi | Sep 19, 2026