सवायजपुर विधानसभा स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में सुल्तानपुर की टीम ने जीती विजेता ट्रॉफी
सवायजपुर। ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम-8 के अंतर्गत जिले की सभी विधानसभाओं में आयोजित किए जा रहे विधानसभा स्तरीय खेलकूद कार्यक्रमों की श्रृंखला में 18 सितंबर को सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र के बलभद्र सिंह पूर्व माध्यमिक विद्यालय, सुल्तानपुर में कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में बलभद्र सिंह पूर्व माध्यमिक विद्यालय, सुल्तानपुर की टीम ने सेठ बाबूराम भारती इंटर कॉलेज, पाली की टीम को पराजित कर प्रथम स्थान हासिल किया और विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। पंत इंटर कॉलेज, पाली की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सवायजपुर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेता टीम को पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से खेल गतिविधियों में अधिक से अधिक भागीदारी करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में रेफरी विजय यादव की उपस्थिति रही। शिक्षा विभाग की ओर से खंड शिक्षा अधिकारी सुनील सिंह सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। प्रतियोगिता के आयोजन में थाना पचदेवरा पुलिस टीम ने भी सहयोग किया।
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं आयोजन में मेरा युवा भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक अजय कुमार, कीर्ति तिवारी एवं राम जी का विशेष योगदान रहा। मंच संचालन अभिषेक पाठक ने किया।
मेरा युवा भारत की जिला युवा अधिकारी रूबी पाल ने बताया कि ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम-8 के तहत जिले की अन्य विधानसभाओं में भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विधानसभा स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना विकसित करना है।
Bilgram, Hardoi | Sep 19, 2026