भिवानी में श्री श्याम प्रेम मंडल द्वारा अन्नकूट प्रसाद वितरण का आयोजन, उमड़े अनेक श्रद्धालु
समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सेवा भाव को सुदृढ़ बनाता है अन्नकूट महोत्सव : भानु प्रकाश शर्मा
भिवानी, 10 नवंबर : धार्मिक नगरी भिवानी में मंगलवार को भक्ति और सेवा का अनुपम संगम देखने को मिला, जहां स्थानीय किशोरी लाल सेवा सदन रोड़ स्थित श्री श्याम भवन में श्री श्याम प्रेम मंडल द्वारा अन्नकूट महोत्सव एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन पूरी श्रद्धा व उल्लास के साथ किया गया। इस अनुष्ठान में शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम और भगवान श्री कृष्ण के जयकारों के बीच छप्पन भोग व अन्नकूट का महाप्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री कृष्ण और खाटू श्याम के स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और भव्य आरती के साथ हुआ। इस दौरान पूरा परिसर श्याम भजनों और संकीर्तन से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर शांतिपूर्ण व व्यवस्थित ढंग से प्रसाद ग्रहण कर सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस मौके पर श्री श्याम प्रेम मंडल के प्रधान भानुप्रकाश शर्मा ने कहा कि अन्नकूट महोत्सव सनातन संस्कृति में प्रकृति, सामूहिकता और प्रभु के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का पर्व है। इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य केवल प्रसाद वितरण करना ही नहीं, बल्कि समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सेवा भाव को सुदृढ़ बनाना है। श्याम प्रेम मंडल निरंतर ऐसे सेवा कार्यों के जरिए समाज को जोडऩे का प्रयास करता रहता है, और आज भक्तों का यह अपार स्नेह हमारे उत्साह को और बढ़ाता है।
उन्होंने कहा कि आज का वातावरण पूरी तरह से श्याममय और अलौकिक था। इतनी बड़ी संख्या में भक्तों की मौजूदगी के बावजूद व्यवस्था अत्यंत अनुशासित और सराहनीय रही। अन्नकूट का यह दिव्य प्रसाद ग्रहण कर मन को असीम आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति हुई है। ऐसे आयोजनों से हमारी युवा पीढ़ी को भी अपनी परंपराओं और संस्कारों से जुडऩे की प्रेरणा मिलती है। दिनभर चले इस भंडारे में मंडल के कार्यकर्ताओं ने निस्वार्थ भाव से अपनी सेवाएं दीं। कार्यक्रम के समापन पर सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया। पूरा आयोजन भक्ति, सौहार्द और सेवा की मिसाल बनकर संपन्न हुआ। इस अवसर पर राम अवतार पुजारी, मंगत राम अग्रवाल, जितेंद्र अग्रवाल, विनोद डालमिया, सुरेश जोशी, पवन महता, यश गुप्ता, कुलदीप शर्मा, प्रीतम शर्मा, सिद्धांत, लक्ष्य, अनमोल, शुभम माखरिया, निर्मला सोनी, जतिन, देव सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।