हनुमान जोहड़ी मंदिर में हवन उपरांत मनाया अन्नकूट महोत्सव, प्रदेश का सबसे बड़ा भंडारा वितरित
विभिन्न 25 औषधियों से बनी 3 हजार लीटर लस्सी की कढ़ी सहित 7100 किलोग्राम का प्रसाद वितरित
भगवान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का उत्सव है अन्नकूट महोत्सव : चरणदास महाराज
समानता, प्रेम, सेवा, भक्ति व समरसता को बढ़ावा देते है अन्नकूट महोत्सव जैसे कार्यक्रम : सांसद धर्मबीर सिंह
भिवानी, 10 नवंबर : छोटी काशी के नाम से मशहूर भिवानी के हनुमान जोहड़ी मंदिर में मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में हवन उपरांत वार्षिक अन्नकूट महोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस अवसर पर प्रदेश का सबसे बड़ा भंडारा आयोजित किया गया, जिसमें 3 हजार लीटर लस्सी से बनी कढ़ी सहित 4100 किलोग्राम सामग्री से बना विभिन्न प्रकार का प्रसाद श्रद्धालुओं को वितरित किया गया। इस मौके पर बतौर मुख्यअतिथि भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद धर्मबीर सिंह ने शिरकत की तथा गोवर्धन की पूजा-अर्चना की। इस मौके पर विशेष तौर पर हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन मीना परमार ने शिरकत की।
यह जानकारी समाजसेवी रमेश सैनी ने देते हुए बताया कि मंगलवार को मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए प्रसाद में कढ़ी, दही बड़े, पूरी, बाजरा, मूंग, ग्वार और अन्य साग-सब्जियों सहित कई पारंपरिक व्यंजन शामिल थे। सबसे खास आकर्षण रहा वह कढ़ी प्रसाद, जिसे बनाने में 25 प्रकार की औषधीय जड़ी-बूटियों का उपयोग किया गया। यह औषधीय कढ़ी न केवल स्वादिष्ट थी बल्कि स्वास्थ्यवर्धक भी।
इस अवसर पर मंदिर के महंत बालयोगी चरणदास महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए अन्नकूट महोत्सव के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने लोगों को इंद्र के प्रकोप से बचाने के लिए अपनी उंगली पर गोवर्धन पर्वत को उठाया और लोगों की जान बचाई। थी। उसके बाद जश्र के रूप में ग्रामीणों ने अन्नकूट का प्रसाद बांटा। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया जाता है। चरणदास महाराज ने कहा कि अन्नकूट पर्व भगवान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का उत्सव है। यह संदेश देता है कि अन्न का सम्मान करें, क्योंकि अन्न ही जीवन का आधार है। जब हम अन्न को प्रसाद के रूप में बांटते हैं, तो समाज में समानता, प्रेम और सहयोग की भावना प्रबल होती है।
इस मौके पर सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में सेवा, भक्ति और समरसता की भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि हनुमान जोहड़ी मंदिर न केवल भक्ति का केंद्र है, बल्कि यह भिवानी के धार्मिक और सांस्कृतिक जीवन की पहचान बन चुका है। अन्नकूट महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, सत्संग और सामूहिक आरती का भी आयोजन किया गया। हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर आध्यात्मिक आनंद से सराबोर हुए। इस अवसर पर महेंद्र चांदना महाराज, पुजारी ध्यानदास महाराज, सुशील गुप्ता, राजू मित्तल, किरण चौधरी पीए अमर सिंह तंवर, दिलबाग सिंह निमड़ी, सुनील जांगड़ा, हरेंद्र पुनिया, मुकेश, मनोज, राकेश सोनी, चर्तुभुज सिंगला, जगत सिंह, अविनाश शर्मा, रतीराम, नेपाल, करतार, दिनेश, राहुल सैन, दयाराम शर्मा, शिक्षाविद कैलाश कौशिक, प्रदीप शास्त्री, उमेश सैनी, सुनील मोनिया सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।