भिवानी में स्वदेशी व्यापारी मंच ने दत्तोपंत ठेंगड़ी को दी श्रद्धांजलि, स्वदेशी और स्वावलंबन का संकल्प दोहराया
दत्तोपंत ठेंगड़ी के राष्ट्रचिंतन, स्वदेशी दर्शन और श्रमिक हितों से जुड़े विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का किया आह्वान
ठेंगड़ी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता, आर्थिक स्वावलंबन और स्वदेशी विचारधारा को रहा समर्पित : संदीप भूत
भिवानी, 10 नवंबर : स्वदेशी आंदोलन के प्रणेता, प्रखर राष्ट्रचिंतक एवं महान विचारक दत्तोपंत ठेंगड़ी की जयंती के उपलक्ष्य में मंगलवार को स्थानीय गौशला मार्केट में स्वदेशी व्यापारी मंच की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धेय ठेंगड़ी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया तथा उनके जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि दत्तोपंत ठेंगड़ी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता, आर्थिक स्वावलंबन और स्वदेशी विचारधारा को समर्पित रहा। उन्होंने देश की आर्थिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए स्वदेशी को केवल व्यापार या उत्पादन तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे राष्ट्र के आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता और सामाजिक विकास से जोडक़र देखा।
इस मौके पर स्वदेशी जागरण मंच के जिला संयोजक संदीप भूत एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गोपाल कुम्हारीवालाने कहा कि वर्तमान समय में श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी के विचार पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हैं। वैश्विक प्रतिस्पर्धा के दौर में भारतीय व्यापार, उद्योग, लघु एवं कुटीर उद्योगों तथा स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देना समय की आवश्यकता है। जब देश का नागरिक स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देगा, तभी छोटे व्यापारियों, कारीगरों, उद्यमियों और स्थानीय उद्योगों को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्वदेशी का अर्थ केवल देश में निर्मित वस्तुओं को अपनाना नहीं, बल्कि देश की आर्थिक शक्ति को मजबूत करना, रोजगार के अवसर बढ़ाना और समाज के प्रत्येक वर्ग को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास करना है।
उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों, श्रमिकों और व्यापारियों से आह्वान किया कि वे दत्तोपंत ठेंगड़ी के जीवन दर्शन और विचारों को समझें तथा स्वदेशी एवं स्वावलंबन की भावना को अपने दैनिक जीवन और व्यापारिक गतिविधियों में अपनाएं। उल्लेखनीय है कि श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी की जयंती के अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच के केंद्रीय कार्यालय की ओर से देशभर में कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया गया है। इसके तहत विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि सभाओं, विचार गोष्ठियों, व्याख्यानों और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से उनके विचारों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। साथ ही स्वदेशी साहित्य एवं स्वदेशी-विदेशी उत्पादों से संबंधित जागरूकता सामग्री के वितरण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थितजनों ने स्वदेशी को जन-आंदोलन बनाने, स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कपिल शर्मा, मनीष, प्रवीण गुप्ता, भारत गुप्ता, पंकज गोयल, विकास बिंदल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।