ईंट-भट्ठों के बकाये के एकमुश्त समाधान योजना को लेकर नवादा सदर एवं रजौली अनुमंडल में बकायेदारों के साथ बैठक आयोजित
सनोज कुमार संगम
नवादा जिला पदाधिकारी नवादा रवि प्रकाश के दिशा-निर्देश पर ईंट-भट्ठों के बकाये की वसूली हेतु राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत एकमुश्त समाधान (वन टाइम सेटलमेंट) योजना के संबंध में नवादा सदर एवं रजौली अनुमंडल में ईंट-भट्ठा बकायेदारों (नीलाम पत्र देनदारों) के साथ बैठक आयोजित की गई।
नवादा सदर अनुमंडल में अपराह्न 01:00 बजे तथा रजौली अनुमंडल में अपराह्न 03:00 बजे संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक संपन्न हुई। बैठक में योजना के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बकायेदारों से निर्धारित अवधि के भीतर योजना का लाभ उठाने की अपील की गई।
राज्य सरकार की एकमुश्त समाधान योजना दिनांक 21 सितम्बर, 2026 से 20 दिसम्बर, 2026 तक प्रभावी है। इसके तहत नीलाम पत्र वाद हेतु भेजी गई अधियाचना में उल्लिखित कुल बकाया राशि में से ब्याज की राशि को छोड़कर शेष राशि जमा करने पर संबंधित नीलाम पत्र देनदार को राहत मिल सकेगी।
एकमुश्त समाधान राशि जमा करने के साथ जिला खनिज फाउंडेशन, आयकर एवं अन्य करों का भुगतान करने के पश्चात संबंधित खनन पदाधिकारी द्वारा नीलाम पत्र पदाधिकारी को प्रतिवेदन दिया जाएगा कि संबंधित देनदार पर कोई लोक मांग बकाया नहीं है। इसके आधार पर संबंधित नीलाम पत्र वाद का निस्तारण किया जा सकेगा।
इस योजना के अंतर्गत वैसे ईंट-भट्ठे पात्र होंगे, जिनके विरुद्ध स्वामित्व राशि जमा नहीं करने के कारण दिनांक 31 अगस्त, 2026 तक नीलाम पत्र पदाधिकारी द्वारा नीलाम पत्र वाद दायर किया गया है।
योजना का लाभ लेने के इच्छुक ईंट-भट्ठा संचालक जिला खनन कार्यालय, नवादा से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित ईंट-भट्ठा संचालकों से निर्धारित अवधि के भीतर एकमुश्त समाधान राशि जमा कर राज्य सरकार की इस योजना का लाभ उठाने की अपील की गई है।