समाहरणालय,शेखपुरा
(जन सम्पर्क शाखा)
प्रेस विज्ञप्ति 749, दिनांक 24.11.2026 **********************
*जिला स्तरीय परामर्शदात्री एवं समीक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश, बैंक ऋण वितरण एवं सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाने पर दिया जोर*
************************
आज दिनांक 24 नवंबर 2026 को जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद की अध्यक्षता में जिला स्तरीय परामर्शदात्री एवं समीक्षा समिति की बैठक समाहरणालय स्थित मंथन सभागार में आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जल-जीवन-हरियाली अभियान के प्रतीक स्वरूप पौधे भेंट कर जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त एवं वरीय उपसमाहर्ता-सह-जिला गोपनीय प्रभारी पदाधिकारी द्वारा एलडीएम सहित संबंधित पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया।
उक्त बैठक में जिले में बैंकिंग सेवाओं की प्रगति, ऋण वितरण, साख-जमा अनुपात (CD Ratio), विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा पात्र लाभुकों को बैंक ऋण उपलब्ध कराने से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिया कि जिले का साख-जमा अनुपात (CD Ratio) बढ़ाने की दिशा में गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि बैंकों द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप ऋण वितरण सुनिश्चित किया जाए तथा कृषि, उद्योग, स्वरोजगार एवं अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में पात्र लाभुकों को ऋण उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभाई जाए। उन्होंने कहा कि जिला उद्योग महाप्रबंधक पदाधिकारी को उद्योग से संबंधित योजनाओं के अंतर्गत एक माह के भीतर 150 आवेदन प्राप्त कराने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले में स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए बैंक और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी महोदय ने संबंधित बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस योजना के योग्य लाभुकों को ऋण एवं बैंकिंग संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने में अनावश्यक विलंब नहीं किया जाए। इसके अतिरिक्त पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग एवं जिला गव्य विकास विभाग से संबंधित योजनाओं के पात्र लाभुकों को भी बैंक ऋण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
जिला पदाधिकारी महोदय ने प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों के बैंक खाते खुलवाने, कृषि क्षेत्र में ऋण उपलब्ध कराने तथा किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कृषि एवं इससे जुड़े अन्य व्यवसायों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए बैंकों को अपनी जिम्मेदारी का प्रभावी ढंग से निर्वहन करना होगा।
उन्होंने सभी संबंधित बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिया कि विभिन्न विभागों के अंतर्गत प्राप्त एवं लंबित ऋण आवेदनों की समीक्षा कर पात्र लाभुकों के आवेदनों का यथाशीघ्र निष्पादन करें। किसी भी योग्य लाभुक को बैंकिंग प्रक्रिया के नाम पर अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए। कार्य में जानबूझकर विलंब करने अथवा लाभुकों को बेवजह परेशान करने वाले संबंधित बैंक शाखा प्रबंधकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को अपनी-अपनी शाखाओं के निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने तथा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में विभागीय पदाधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैंकिंग योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य जरूरतमंद एवं पात्र लोगों तक वित्तीय सहायता पहुंचाना है। इसलिए सभी बैंक अधिकारी पूरी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें।
बैठक में उप विकास आयुक्त, वरीय उपसमाहर्ता-सह-जिला गोपनीय प्रभारी पदाधिकारी, अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक (LDM), भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Samrat Choudhary