*समाहरणालय, शेखपुरा*
*(जन सम्पर्क शाखा)*
*प्रेस विज्ञप्ति संख्या–750*
*दिनांक–24.11.2026*
*एसडीएम की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग की अनुमंडल स्तरीय निगरानी एवं अनुश्रवण समिति की बैठक संपन्न*
आज नगर परिषद, शेखपुरा स्थित सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री प्रियंका कुमारी की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग की अनुमंडल स्तरीय निगरानी एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS), राशन कार्ड निर्माण, ई-केवाईसी, खाद्यान्न उठाव एवं वितरण तथा संदिग्ध राशन कार्डों के सत्यापन के सम्बन्ध में उपस्थित सदस्यों के साथ परिचर्चा की गयी।
बैठक में बताया गया कि शेखपुरा जिले में नए राशन कार्ड निर्माण के लिए निर्धारित 7,261 के लक्ष्य के विरुद्ध लगभग 94 प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त की जा चुकी है। शेष आवेदन ई-केवाईसी एवं तकनीकी विसंगतियों के कारण प्रक्रियाधीन हैं। अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ई-केवाईसी के बिना राशन कार्ड निर्माण की प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो सकती है। Smart PDS Portal के माध्यम से पात्र नागरिक नए राशन कार्ड हेतु ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद निकटतम जन वितरण प्रणाली विक्रेता (डीलर) के पास जाकर ई-केवाईसी कराना आवश्यक है, ताकि आवेदन संबंधित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के लॉगिन में प्रदर्शित हो सके।
बैठक के दौरान सदस्यों द्वारा PM-KISAN का लाभ प्राप्त कर रहे व्यक्तियों के नाम राशन कार्ड से हटाए जाने का मुद्दा उठाया गया। इस पर एसडीएम ने बताया कि स्थलीय निरिक्षण एवं विभाग द्वारा तकनीकी माध्यम से संदिग्ध लाभुकों की प्राप्त सूची के आधार पर जाँचोपरांत नियमानुसार सत्यापन एवं कार्रवाई की जाती है। बैठक में जिले के कुल 27,203 संदिग्ध राशन कार्ड/अंतरराज्यीय सत्यापन के मामलों की भी समीक्षा की गई तथा इनके त्वरित सत्यापन का निर्देश दिया गया।
PDS PARAKH के तहत 308 दुकानों के निरीक्षण के दौरान 49 कारण-पृच्छा नोटिस निर्गत किए जाने, 01 प्राथमिकी दर्ज किए जाने एवं 06 अनुज्ञप्तियाँ रद्द किए जाने की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त खाद्यान्न के ससमय उठाव एवं पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने तथा जन वितरण प्रणाली की दुकानों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।
*आम नागरिकों से अपील:* एसडीएम सुश्री प्रियंका कुमारी ने जिलेवासियों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई पात्र परिवार राशन कार्ड से वंचित है, तो उसे Smart PDS Portal पर आवेदन करने के लिए प्रेरित करें। जिन राशन कार्डधारियों का ई-केवाईसी लंबित है, वे निकटतम डीलर के पास जाकर इसे अविलंब पूर्ण कराएं। साथ ही, अपने क्षेत्र के पात्र अंत्योदय अन्न योजना (AAY) से वंचित परिवारों की सूचना प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि उन्हें नियमानुसार योजना से आच्छादित किया जा सके।
एसडीएम ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
*बैठक में इनकी रही उपस्थिति:* जिला परिषद अध्यक्षा, नगर अध्यक्ष, चेवाड़ा एवं नगर अध्यक्ष, शेखोपुरसराय, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, माननीय सांसद, विधान पार्षद एवं विधायकगण द्वारा मनोनीत सदस्यगण, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (MO), सहायक गोदाम प्रबंधक (AGM) तथा कार्यपालक सहायक (आपूर्ति) उपस्थित रहे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Samrat Choudhary