समाहरणालय,शेखपुरा
(जन सम्पर्क शाखा)
प्रेस विज्ञप्ति 748, दिनांक 24.11.2026 **********************
*विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के क्रम में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक, मतदाता सूची में नाम जोड़ने एवं त्रुटियों में सुधार पर जोर दिया गया।*
************************
आज दिनांक 24 नवंबर 2026 को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के सफल क्रियान्वयन को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी-सह-निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 169-शेखपुरा सुश्री प्रियंका कुमारी एवं भूमि सुधार उप समाहर्ता-सह-निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 170-बरबीघा श्री मृत्युंजय कुमार द्वारा अनुमंडल कार्यालय कक्ष में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत शेखपुरा जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान नए योग्य मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने, मृत एवं स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं तथा दोहरी प्रविष्टियों का नियमानुसार विलोपन करने और पूर्व से पंजीकृत मतदाताओं की प्रविष्टियों में आवश्यक सुधार करने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत दिनांक 12 नवंबर 2026 से 11 दिसंबर 2026 तक मतदान केंद्र स्तरीय पदाधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से तथा ऑनलाइन माध्यम से भी दावा एवं आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं। इसके माध्यम से पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के साथ-साथ नाम, पता एवं अन्य विवरणों में आवश्यक संशोधन करा सकते हैं।
इस अवसर पर जिले के 169 शेखपुरा एवं 170 बरबीघा दोनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों द्वारा सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों एवं बीएलओ सुपरवाइजर को कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र के बीएलओ के साथ बैठक कर उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने तथा पात्र मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। बैठक में विशेष रूप से युवा मतदाताओं के पंजीकरण, 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नए निर्वाचकों एवं अन्य पात्र छूटे हुए नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करने पर बल दिया गया। इसके अतिरिक्त निर्वाचक जनसंख्या अनुपात में वृद्धि तथा मतदाता सूची में महिला एवं पुरुष मतदाताओं के बीच लिंगानुपात में सुधार लाने को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया। बैठक में बताया गया कि वर्तमान में शेखपुरा जिले का निर्वाचक लिंगानुपात 903 है, जिसे बढ़ाकर 930 करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए महिला मतदाताओं का अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा पात्र महिलाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष प्रयास करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही दिव्यांग (PwD) मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर भी विशेष बल दिया गया, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत दिनांक 05 दिसंबर एवं 06 दिसंबर 2026 को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किया गया है। इन दोनों तिथियों को सभी बीएलओ अपने-अपने संबंधित मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर आम नागरिकों से दावा एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। इस दौरान पात्र नागरिक अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम हटाने तथा पहले से दर्ज विवरणों में सुधार हेतु निर्धारित प्रपत्रों में आवेदन जमा कर सकेंगे।
विशेष अभियान दिवस के दौरान पदाधिकारियों द्वारा निरीक्षण के दौरान बीएलओ की उपस्थिति, पुनरीक्षण कार्य की प्रगति एवं मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया जाएगा।
दोनों निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि विशेष अभियान दिवसों के दौरान सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा मतदाताओं से प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार संधारण एवं निष्पादन सुनिश्चित करें। साथ ही आम नागरिकों के बीच विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और पात्र मतदाताओं को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। उपस्थित सभी प्रतिनिधियों से सहयोग की भी अपील की गयी।
जिला प्रशासन की ओर से आम नागरिकों से अपील की गई कि वे निर्धारित अवधि के दौरान अपनी मतदाता सूची में दर्ज नाम एवं अन्य विवरणों की जांच अवश्य कर लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है या किसी प्रकार की त्रुटि है, तो वे संबंधित बीएलओ के माध्यम से अथवा ऑनलाइन अपना आवेदन समर्पित कर सकते हैं।
बैठक में अवर निर्वाचन पदाधिकारी श्री संतोष कुमार सहित भारतीय जनता पार्टी, जनता दल यूनाइटेड, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी, मार्क्सवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी एवं आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
जिला प्रशासन का उद्देश्य विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के माध्यम से जिले की मतदाता सूची को अधिक समावेशी, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाना तथा प्रत्येक पात्र नागरिक की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करना है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Samrat Choudhary
Chief Electoral Officer, Bihar