समाहरणालय,शेखपुरा
(जन सम्पर्क शाखा)
प्रेस विज्ञप्ति 746, दिनांक 24.11.2026 **********************
*विद्यार्थी सहयोग शिविर कार्यक्रम के तहत जिला पदाधिकारी ने छात्राओं से किया सीधा संवाद, शिक्षा, करियर और भविष्य निर्माण के लिए दिया महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिए*
************************
आज दिनांक 24.11.2026 को छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं भविष्य निर्माण के लिए आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, शेखपुरा द्वारा विद्यार्थी सहयोग कार्यक्रम के तहत विशेष पहल की जा रही है। इसी क्रम में आज जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, लोदीपुर, शेखपुरा पहुंचकर छात्राओं से सीधा संवाद किया तथा उनकी शैक्षणिक स्थिति, समस्याओं और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। संवाद के दौरान जिला पदाधिकारी महोदय ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई-लिखाई, विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं, अध्ययन के दौरान आने वाली कठिनाइयों तथा विषयों से संबंधित समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त किए। उन्होंने छात्राओं से यह भी पूछा कि वे भविष्य में क्या बनना चाहती हैं और अपने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए किस प्रकार की तैयारी कर रही हैं। इस दौरान छात्राओं ने भी बेझिझक अपनी बातें रखीं और अपनी समस्याओं के साथ-साथ भविष्य के सपनों एवं लक्ष्यों को जिलाधिकारी के समक्ष साझा किया।
जिला पदाधिकारी महोदय ने छात्राओं की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना, नियमित रूप से अध्ययन करना और निरंतर मेहनत करना बेहद जरूरी है। छात्राओं को अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखते हुए शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा किसी भी कठिनाई से निराश नहीं होने की सलाह दी। उन्होंने छात्राओं को उच्च शिक्षा एवं करियर के विभिन्न विकल्पों के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया। साथ ही कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के माध्यम से लड़कियों के लिए अनेक अवसर उपलब्ध हैं। सही जानकारी, दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और निरंतर प्रयास से वे अपने सपनों को साकार कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने तथा अपने भविष्य के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी महोदय ने छात्राओं को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के महत्व एवं उपयोग की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्वयं छात्राओं को समझाया कि वे अपनी शैक्षणिक समस्याओं, शिकायतों एवं आवश्यक सहयोग से संबंधित अनुरोधों को पोर्टल पर किस प्रकार दर्ज कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था के माध्यम से विद्यार्थियों की समस्याओं को संबंधित विभाग एवं अधिकारियों तक पहुंचाने तथा उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने में सहायता मिलेगी।
जिला पदाधिकारी महोदय ने छात्राओं को पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया, ताकि शिक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या को उचित माध्यम से सामने लाया जा सके और समय पर उसका समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
विद्यार्थी सहयोग कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उनकी व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक आकांक्षाओं को समझते हुए उन्हें उचित मार्गदर्शन प्रदान करना भी है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों की समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल की जा रही है, ताकि आर्थिक, सामाजिक अथवा शैक्षणिक कारणों से किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो।
जिला प्रशासन की इस पहल से छात्राओं को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने, शिक्षा एवं करियर से संबंधित मार्गदर्शन प्राप्त करने तथा अपने भविष्य के प्रति नई दिशा और आत्मविश्वास हासिल करने का अवसर मिल रहा है। इस प्रकार विद्यार्थी सहयोग कार्यक्रम छात्राओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने, उनकी प्रतिभा को निखारने और उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, शिक्षक और विद्यार्थीगण आदि उपस्थित थें।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Samrat Choudhary