समाहरणालय,शेखपुरा
(जन सम्पर्क शाखा)
प्रेस विज्ञप्ति 745, दिनांक 23.11.2026 **********************
*जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में साप्ताहिक सोमवारीय समीक्षा बैठक आयोजित, विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति एवं लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर दिए गए निर्देश*
************************
आज दिनांक 23.11.2026 को जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मंथन सभागार में साप्ताहिक सोमवारीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, राजस्व मामलों के निष्पादन, जन शिकायतों के निवारण तथा सरकारी योजनाओं के प्रभावी संचालन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने, निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने तथा लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उक्त बैठक में विभिन्न विभागों के अंतर्गत प्रस्तावित भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी संबंधित अंचलाधिकारी को भवन निर्माण हेतु उपयुक्त सरकारी भूमि चिन्हित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भूमि की उपलब्धता के अभाव में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। इसलिए सभी अंचलाधिकारी प्राथमिकता के आधार पर भूमि चिन्हित कर संबंधित विभागों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि भवन निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके। नीलामपत्रवाद मामलों की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी नीलामपत्रवाद पदाधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो कोर्ट आयोजित करने का निर्देश दिया। साथ ही बड़े एवं पुराने बकाएदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि लंबित वसूली मामलों को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा नियमित सुनवाई के माध्यम से मामलों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्रामीण हाट-बाजार निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी महोदय ने संबंधित पदाधिकारियों को ग्रामीण हाट-बाजार निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त सतत जीविकोपार्जन योजना के अंतर्गत लाभुकों को सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पशुशेड, बकरी शेड, कुकुट शेड आदि के निर्माण कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को स्वरोजगार एवं आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। सभी संबंधित पदाधिकारी योजनाओं के क्रियान्वयन एवं निर्माण कार्यों की प्रगति पर नियमित निगरानी रखें। कायाकल्प अभियान की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को अभियान के अंतर्गत आवश्यक एंट्री सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालयों, अस्पतालों, आंगनवाड़ी केंद्रों एवं अन्य सरकारी संस्थानों में रंग-रोगन तथा सौंदर्यीकरण के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि सरकारी संस्थानों का परिसर साफ-सुथरा, व्यवस्थित एवं आकर्षक हो तथा आम लोगों को बेहतर वातावरण में सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
जन समाधान पोर्टल के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी संबंधित विभागों को लंबित आवेदनों का ससमय एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों के समाधान में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए आवेदकों को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराया जाए। विभिन्न अंचलों में संचालित राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने परिमार्जन प्लस, जमाबंदी कायम करने, अभियान बसेरा, राजस्व रसीद कटवाने तथा अतिक्रमणवाद से संबंधित मामलों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को राजस्व कार्यों के निष्पादन में सक्रियता बरतने एवं निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने को कहा, ताकि विभिन्न अंचलों की प्रगति एवं रैंकिंग में सुधार हो सके। भूमि एवं राजस्व से संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने पर भी जोर दिया गया।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अंतर्गत सरकारी योजनाओं एवं विभागीय उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को प्रत्येक माह चार-चार सफलता की कहानी एवं लाभुकों के टेस्टिमोनियल जनसंपर्क कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियों को सामने लाकर आम जनता को योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाए तथा योजनाओं के सकारात्मक परिणामों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके साथ ही फेसबुक, यूट्यूब, इंस्टाग्राम एवं ट्विटर जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से विभागीय गतिविधियों एवं योजनाओं की जानकारी नियमित रूप से साझा करने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री सचिवालय, सीएम डैशबोर्ड, सीपी ग्राम, मुख्यमंत्री जनता दरबार, आयुक्त के सचिव, माननीय उच्च न्यायालय, MJCC सहित विभिन्न स्रोतों से प्राप्त परिवादों एवं शिकायतों की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को इन सभी लंबित आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का निष्पादन प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी पदाधिकारी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करें, मामलों की अद्यतन स्थिति रखें तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर उचित समाधान उपलब्ध कराएं।
बैठक में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, बंदोबस्त पदाधिकारी, भू-अर्जन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिला पदाधिकारी ने बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने तथा आम जनता को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
District Administration Sheikhpura
Samrat Choudhary
#samratchoudhary
7 views | Sheikhpura, Bihar | Nov 23, 2026