*समाहरणालय,शेखपुरा*
*(जन सम्पर्क शाखा)*
*प्रेस विज्ञप्ति 743, दिनांक *23.11.2026*
************************
*रेवेन्यू केस मैनेजमेंट सिस्टम का बिहार में शुभारंभ, अब राजस्व एवं भूमि संबंधी सेवाएं पूर्णतः ऑनलाइन माध्यम से होंगी सुलभ*
************************
बिहार में राजस्व एवं भूमि संबंधी कार्यों को अधिक सरल, पारदर्शी, सुलभ एवं डिजिटल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से रेवेन्यू केस मैनेजमेंट सिस्टम का दिनांक 23.11.2026 को लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर राज्यभर के विभिन्न जिलों के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े तथा नई ऑनलाइन व्यवस्था की जानकारी भी प्राप्त की।
रेवेन्यू केस मैनेजमेंट सिस्टम के शुरू होने से राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से संबंधित विभिन्न कार्यों को ऑनलाइन माध्यम से करने की सुविधा उपलब्ध होगी। इस डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से राजस्व विभाग के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारी एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़ सकेंगे। इसमें राजस्व से संबंधित विभिन्न पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, भूमि सुधार उप समाहर्ता, अनुमंडल स्तर के अधिकारी एवं अंचलाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित करने में सहूलियत होगी। इस नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को राजस्व एवं भूमि संबंधी कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर लगाने से राहत दिलाना है। पूर्व में दूर-दराज के क्षेत्रों से लोगों को विभिन्न कार्यालयों तक पहुंचने में काफी समय और आर्थिक खर्च करना पड़ता था। अब ऑनलाइन माध्यम के विस्तार से नागरिक अपने घर, मोबाइल, लैपटॉप या नजदीकी सेवा केंद्र के माध्यम से संबंधित सेवाओं का लाभ लेने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।
ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से नागरिक आवश्यक आवेदन एवं दस्तावेज डिजिटल रूप में प्रस्तुत कर सकेंगे तथा अपने कार्यों से संबंधित जानकारी भी ऑनलाइन देख सकेंगे। इससे आवेदन प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने, कार्यों की निगरानी करने तथा प्रशासनिक स्तर पर जवाबदेही और पारदर्शिता बनाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर आम नागरिकों से अपील की गई कि वे नई डिजिटल व्यवस्था को अपनाएं तथा राजस्व एवं भूमि संबंधी सेवाओं के लिए ऑनलाइन माध्यम का अधिक से अधिक उपयोग करें। सरकार की इस पहल का उद्देश्य तकनीक के माध्यम से सरकारी सेवाओं को जनता के करीब लाना तथा समय, श्रम और अनावश्यक खर्च को कम करना है। रेवेन्यू केस मैनेजमेंट सिस्टम के शुभारंभ कार्यक्रम के अवसर पर शेखपुरा में भी संबंधित पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। इस दौरान श्री शेखर आनंद, जिला पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, भूमि सुधार उप समाहर्ता तथा जिले के विभिन्न अंचलों के अंचलाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
यह पहल बिहार में राजस्व प्रशासन को आधुनिक तकनीक से जोड़ने तथा आम जनता को सरकारी सेवाएं सहज रूप से उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। डिजिटल व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन से नागरिकों को सुविधाजनक सेवा उपलब्ध कराने, प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने और राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
District Administration Sheikhpura
Revenue and Land Reforms Dept, Govt. of Bihar
Samrat Choudhary
3 views | Sheikhpura, Bihar | Nov 23, 2026