जिला पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME), प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना (PMVY) एवं प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) से संबंधित समीक्षात्मक बैठक का आयोजन ।
आज दिनांक 26.11.2026 को जिला पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME), प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना (PMVY) एवं प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) की प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों, ऋण स्वीकृति, ऋण वितरण, प्रशिक्षण तथा लाभुकों को उपलब्ध कराए जा रहे लाभ की समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु संबंधित विभागों एवं बैंकों को समन्वय स्थापित कर दिनांक 10.12.2026 तक निर्धारित लक्ष्य के शत-प्रतिशत प्राप्ति हेतु कार्य करने का निर्देश दिया। विशेष रूप से निम्नलिखित निर्णय एवं लक्ष्य निर्धारित किए गए :-
1. प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME), प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना (PMVY) एवं प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) अंतर्गत लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करते हुए पात्र लाभुकों के ऋण स्वीकृति एवं वितरण में तेजी लाना।
2. प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) के तहत खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के विस्तार और औपचारिकरण को बढ़ावा देना।
3. बैंकों को लंबित एवं अस्वीकृत आवेदनों की समीक्षा कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने तथा लाभुकों की समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया गया।
4. बैंको के समन्वयकों को निदेश दिया गया कि अपने शाखा प्रबंधकों को बैठक में दिये गये निदेश से अवगत कराते हुए ऋण की स्वीकृति एवं वितरण में तेजी लाने संबंधी कार्रवाई की जाय, ताकि निर्धारित अवधि में लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित हो सके।
5. योजनाओं की नियमित समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध प्रगति की निगरानी तथा अगली बैठक में कार्रवाई प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि योजनाओं का उद्देश्य अधिकाधिक पात्र लाभुकों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़कर जिले में रोजगार के अवसरों का सृजन करना है। बैठक में जिला उद्योग केंद्र, संबंधित विभागों एवं बैंकों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
उक्त कार्यक्रम में महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र, मुजफ्फरपुर, अग्रणी जिला प्रबंधक, मुजफ्फरपुर सहित सभी बैंकों के समन्वयक, खादी और ग्रामोद्योग बोर्ड, मुजफ्फरपुर के प्रतिनिधि आदि ने अपनी सहभागिता दर्ज की।
#CMSamrat
#samratchoudhary
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
CMO Bihar
Bihar Industrial Area Development Authority - BIADA
Industries Department, Bihar