संविधान दिवस पर एसकेजे लॉ कॉलेज में अतिथि व्याख्यान, संवैधानिक मूल्यों और चुनौतियों पर हुई चर्चा
संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को एसकेजे लॉ कॉलेज, गन्नीपुर में “भारतीय संविधान का महत्व, संवैधानिक मूल्य एवं समकालीन चुनौतियां” विषय पर अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज की सेमिनार एवं सिम्पोजियम समिति और एनएसएस इकाई के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कुलानुशासक (प्रॉक्टर) प्रो. डॉ. विपिन कुमार राय ने भारतीय संविधान की महत्ता और संवैधानिक मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। यह नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूलभूत अधिकारों एवं आदर्शों का आधार प्रदान करता है।
उन्होंने विधि के विद्यार्थियों से संविधान की भावना और मूल्यों को आत्मसात करने की अपील करते हुए कहा कि समाज में न्याय, संवैधानिक जागरूकता और विधि के शासन को मजबूत बनाने में युवाओं की अहम भूमिका है।
इस दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया। उपस्थित लोगों ने संवैधानिक मूल्यों और आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। वहीं, छात्र-छात्राओं ने संविधान दिवस के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली भी निकाली।
महाविद्यालय के निदेशक प्रो. जयंत कुमार ने संविधान की प्रासंगिकता और विधि शिक्षा में संवैधानिक सिद्धांतों के महत्व पर विचार रखे। वहीं, प्राचार्य डॉ. केकेएन तिवारी ने विद्यार्थियों को संविधान के मूल आदर्शों, नागरिक कर्तव्यों और विधिक नैतिकता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रो. बीएम आजाद, एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. एसपी चौधरी, डॉ. पंकज कुमार, प्रो. आरए सहाय, डॉ. आशुतोष कुमार सहित कॉलेज के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। मंच संचालन प्रो. अदिति आनंद ने किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. मानवेंद्र त्रिपाठी, प्रो. धनंजय पांडेय और प्रो. अविनाश पांडेय सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Musahri, Muzaffarpur | Nov 26, 2026