महायज्ञ के अंतिम दिन अयोध्या से पहुंचे लक्ष्मण जी महाराज रामकथा का किया समापन, कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित... #biharnewscity #biharnews #muzaffarpur #Mahayagya #hindu
जिले के सकरा प्रखंड अंतर्गत मझौली पचदही गांव में विश्व कल्याण के उद्देश्य से आयोजित श्रीराम कथा महायज्ञ एवं सामूहिक कन्या विवाह समारोह धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के वातावरण में संपन्न हो गया। कई दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया। महायज्ञ के दौरान 11 कन्याओं का सामूहिक विवाह एवं 11 बरुआ का उपनयन संस्कार कराया गया। इसके साथ ही आयोजित सामूहिक भोज में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन के अंतिम दिन अयोध्या से पधारे लक्ष्मण जी महाराज ने श्रीराम कथा का विधिवत समापन किया। कथा के दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग, प्रेम और सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए लोगों से धर्म एवं संस्कारों के मार्ग पर चलने की अपील की। उनके प्रवचनों को सुनकर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए।
समापन समारोह के अवसर पर आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सभी कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों को सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के धार्मिक और सामाजिक आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं। सामूहिक कन्या विवाह और उपनयन संस्कार के आयोजन को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
इस अवसर पर महायज्ञ के संरक्षक गौरव मिश्रा ने कहा कि श्रीराम कथा एवं महायज्ञ का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान करना नहीं, बल्कि समाज में धर्म, संस्कार, सेवा और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में उतारकर ही एक बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है।
वहीं, कार्यक्रम संयोजक एवं हिंदूवादी नेता वैभव मिश्रा ने कहा कि 11 कन्याओं का सामूहिक विवाह कराना आयोजन की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस पहल के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को सहयोग देने के साथ सामाजिक एकता और सेवा का संदेश दिया गया है। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।
समापन समारोह में श्रद्धालुओं के बीच उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिला। सामूहिक भोज में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। आयोजकों ने सभी अतिथियों, संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं, ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।