अधिक दाम पर शराब बिक्री की शिकायत, कलेक्टर के निर्देशन में तहसीलदार ने किया बालाकोट मार्ग स्थित शराब दुकान का औचक निरीक्षण
दमोह। शराब दुकानों पर शासन द्वारा निर्धारित दरों से अधिक कीमत पर शराब बेचे जाने की शिकायतों के बाद शुक्रवार रात प्रशासनिक अमले ने औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देशन में तहसीलदार रघुनन्दन चतुर्वेदी राजस्व, आबकारी सहित प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बालाकोट मार्ग और दमोह-सागर बायपास स्थित शराब दुकानों पर पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शराब के विक्रय, भंडारण और निर्धारित दरों से संबंधित व्यवस्थाओं और दस्तावेजों की जांच की। तहसीलदार ने दुकान संचालक को निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित रेट लिस्ट प्रमुखता से चस्पा करें और उसी के अनुसार शराब का विक्रय करें। उन्होंने निर्धारित मूल्य से अधिक राशि नहीं लेने तथा सभी नियमों और मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Damoh, Damoh | Nov 1, 2026