यह पार्क-संग्रहालय न केवल ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व का केंद्र बनेगा बल्कि युवाओं में राष्ट्र प्रेम और वीरता की भावना जागृत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा - राज्यमंत्री श्री लोधी
==
इस छोटी सी जनपद में शौर्य पार्क बनाने का जो निर्णय लिया गया है, वह सराहनीय है- जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमति पटेल
==
शौर्य पार्क के निर्माण से युवाओं और बुजुर्गों में जागेगी देशभक्ति की नई चेतना - शैतान पाल
===
तेंदूखेड़ा में शौर्य स्मारक पार्क का हुआ भूमिपूजन,
==
03 करोड़ की लागत से बनेगा शौर्य स्मारक पार्क
===
यहां देश के महापुरुषों और वीर योद्धाओं की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके अदम्य साहस, त्याग, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण से प्रेरणा ले सकें। यह बात संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने तेंदूखेड़ा में मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग अंतर्गत 03 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले शौर्य स्मारक पार्क के भूमिपूजन के अवसर पर कही।
राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा इस पार्क में अमर शहीद शंकर शाह, रघुनाथ शाह, वीरांगना रानी अवंती बाई एवं लोकमाता महारानी अहिल्याबाई की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। पार्क का निर्माण आकर्षक, दिव्य और भव्य स्वरूप में किया जाएगा।
उन्होंने कहा संग्रहालय न केवल ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व का केंद्र बनेगा, बल्कि युवाओं में राष्ट्रप्रेम और वीरता की भावना जागृत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होने कहा महापुरुषों एवं वीरांगनाओं के त्याग, बलिदान, अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेकर लोग देश, समाज और राष्ट्र के विकास के लिए कार्य करने को प्रेरित होंगे।
श्री लोधी ने कहा अमर शहीद राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह ऐसे महान देशभक्त वीर थे, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए हंसते-हंसते अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने कहा जब इन दोनों वीरों को तोप के मुंह से बांधकर उनकी अंतिम इच्छा पूछी गई, तो उन्होंने ऐसी ओजस्वी पंक्तियां सुनाते हुए प्राण त्यागना स्वीकार किया, जिन्हें सुनकर लोगों के हृदय में देशभक्ति की ज्वाला धधक उठती है। ऐसे वीर बलिदानियों की गाथाएं समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल ने कहा इस छोटी सी जनपद में शौर्य पार्क बनाने का जो निर्णय लिया गया है, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा जब यहां वीर सपूतों और वीरों की मूर्तियों का अनावरण होगा, तब आगे आने वाली पीढ़ी और युवा यहां आकर नमन करेंगे। उन्होंने कहा इससे आगे आने वाली पीढ़ी को यह भी पता चल सकेगा कि हमारे वीर सपूतों ने देश को स्वतंत्रता दिलाने में कितनी मेहनत की है।
शैतान पाल ने कहा कि तेंदूखेड़ा की पावन धरा पर वीरांगना रानी अवंतीबाई, अमर शहीद राजा शंकर शाह, कुंवर रघुनाथ शाह और लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमाएं स्थापित करने तथा भव्य शौर्य पार्क के भूमि-पूजन का यह कार्य अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा अब तक अनेक सरकारें आईं और गईं, लेकिन राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने वीरांगनाओं और शहीदों के सम्मान की चिंता करते हुए क्षेत्र को यह अनुपम सौगात दी है।
उन्होंने कहा जब यह शौर्य पार्क बनकर तैयार होगा और यहां महान विभूतियों की प्रतिमाएं स्थापित हो जाएंगी, तब भारत माता की चिंता करने वाले बुजुर्गों के साथ-साथ विशेष रूप से नौजवानों के भीतर राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की नई चेतना जागृत होगी।
इस अवसर पर सत्येंद्र सिंह लोधी और श्री कडप्पा ने भी अपने विचार विस्तार से रखें। कार्यक्रम का संचालन शुभम जैन ने किया।
परियोजना के कार्य विवरण के अनुसार
शौर्य पार्क में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 247.01 लाख रुपये की मूल राशि निर्धारित की गई है। इसमें प्रवेश द्वार निर्माण के लिए 8.62 लाख रुपये, शौर्य म्यूजियम निर्माण के लिए 72.45 लाख रुपये तथा शौर्य मेमोरियल निर्माण के लिए 27.85 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसी प्रकार बाउंड्रीवाल एवं रेलिंग निर्माण के लिए 70.11 लाख रुपये, पार्किंग एवं पाथवे के लिए 18 लाख रुपये, उद्यान (गार्डन) विकास के लिए 29.59 लाख रुपये तथा स्टोन बेंचेस, डस्टबिन, साइनेज एवं बोरवेल के लिए 7 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। वहीं विद्युत कार्यों के लिए 13.39 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
निर्माण कार्यों की राशि के अतिरिक्त जीएसटी 45.79 लाख, कंटिंजेंसी एवं कंसल्टेंसी के लिए 7.41 लाख रुपये शामिल किए गए हैं। इस प्रकार शौर्य पार्क के संपूर्ण विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य की कुल स्वीकृत लागत 3 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है।
Damoh, Madhya Pradesh | Nov 23, 2026