सड़क सुरक्षा और नशामुक्ति को लेकर प्रशासन सख्त,
==
ब्लैक स्पॉट सुधारने और पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
==
3 पार्किंग स्थल होंगे विकसित
==
21 कॉलेजों एवं 80 स्कूलों को बनाया जाएगा ड्रग फ्री जोन
==
सड़क सुरक्षा समिति एवं नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन जिला स्तरीय समिति की बैठक संपन्न, दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
===
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, आमजन के आवागमन को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने तथा जिले में नशामुक्त वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा समिति एवं नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन जिला स्तरीय समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में सड़क सुधार, ब्लैक स्पॉट, पार्किंग व्यवस्था, बस स्टॉप निर्माण और शैक्षणिक संस्थानों को ड्रग फ्री जोन घोषित करने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा जहां सड़कों में सुधार की आवश्यकता है, वहां संबंधित एजेंसियों को आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं। नगरीय क्षेत्र में पार्किंग की आवश्यकता को देखते हुए चिन्हित स्थानों की साफ-सफाई एवं समतलीकरण कर उन्हें शीघ्र चालू करने के निर्देश नगरपालिका को दिए गए हैं। इसके अलावा पुरानी इमारतों का निरीक्षण कराने तथा अनुपयोगी एवं जर्जर भवनों को नियमानुसार डिस्मेंटल करने की कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गये।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा शहर में बसों के अनियमित रूप से कहीं भी रुकने से यात्रियों को परेशानी होती है और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इन चिन्हित स्थानो पर बस स्टॉप, आवश्यकतानुसार शेड एवं शौचालय निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार कर कार्यों को मूर्त रूप देने के निर्देश सीएमओ को दिए हैं। उन्होने कहा प्रशासन का प्रयास है कि नगर में आवागमन व्यवस्थित रहे, सड़क सुरक्षा बनी रहे और आमजन को सुगम एवं सुरक्षित यातायात की सुविधा मिल सके। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक प्रतिमाह आयोजित की जाती है तथा आगामी बैठक में इन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
21 कॉलेज और 80 स्कूल होंगे ड्रग फ्री जोन घोषित
कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार शैक्षणिक संस्थानों के 500 मीटर की परिधि को ड्रग फ्री जोन घोषित किया जाना है। इसके लिए विशेष कमेटियों का गठन किया जा रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी, हायर सेकेंडरी एवं हाईस्कूलों के प्राचार्यों के सहयोग से जिले के लगभग 21 कॉलेज और 80 स्कूल चिन्हित किए गए हैं। इन सभी संस्थानों में कमेटियों का गठन कर निर्धारित 500 मीटर की परिधि का परीक्षण किया जाएगा तथा उन्हें ड्रग फ्री जोन घोषित करने की कार्रवाई की जाएगी। इसका उद्देश्य शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशे से संबंधित गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और विद्यार्थियों को नशामुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।
ब्लैक स्पॉट पर सड़क सुधार और तीन नए पार्किंग स्थल विकसित होंगे
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने कहा कि सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिले के ब्लैक स्पॉट पर विस्तार से चर्चा की गई। दुर्घटनाओं की आशंका वाले इन स्थानों पर सड़क सुधार एवं आवश्यक निर्माण कार्य कराने के लिए संबंधित सड़क निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया गया। शहर में 10 नए बस स्टॉप के निर्माण तथा तीन नए पार्किंग स्थलों को विकसित करने के लिए नगरपालिका को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पार्किंग स्थलों की साफ-सफाई कराकर आमजन को सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
10 दिन में गठित होंगी एंटी ड्रग्स कमेटियां
पुलिस अधीक्षक श्री कलादगि ने कहा कि नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन समिति की बैठक में जिले के सभी स्कूलों एवं कॉलेजों को नशामुक्त शैक्षणिक संस्थान घोषित करने की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारियों एवं पीजी कॉलेज के प्राचार्य को निर्देश दिए गए हैं कि आगामी 10 दिनों के भीतर सभी स्कूल एवं कॉलेजों को ड्रग फ्री जोन घोषित करने की प्रक्रिया पूरी की जाए। साथ ही प्रत्येक शैक्षणिक संस्थान में एंटी ड्रग्स कमेटी एवं ड्रग्स निगरानी समिति का गठन भी 10 दिनों के भीतर किया जाएगा।
उन्होंने कहा इसके बाद जिले में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। बैठक में नशे की लत से प्रभावित लोगों के उपचार एवं पुनर्वास के लिए जिले में रिहैबिलिटेशन सेंटर शुरू करने के संबंध में भी चर्चा की गई। इस दिशा में आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के लिए सीएमओ को निर्देशित किया गया है।