बांदकपुर में दुकान संचालक से मारपीट और तोड़फोड़ मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार, हिंडोरिया पुलिस ने पैदल जुलूस निकलकर किया न्यायालय में पेश कर भेजा जेल
दमोह। जिले के हिण्डोरिया थाना क्षेत्र के कस्बा बांदकपुर में बीते दिन दुकानदार और उसके परिजनों के साथ मारपीट कर दुकान में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को वैधानिक कार्रवाई के बाद आज सोमवार शाम 5 बजे हिंडोरिया थाना से पैदल जुलूस निकालकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर को सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो की तस्दीक करने पर घटना बांदकपुर की पाई गई, जिसमें कुछ लोग दुकानदार और उसके परिजनों के साथ मारपीट करते तथा दुकान में तोड़फोड़ करते नजर आ रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद हिण्डोरिया थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 426/26 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
हिंडोरिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बलराम राय, देवी राय, सुभाष राय, ओमशंकर पटेल और राजेन्द्र राय को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी पथरिया के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी धर्मेन्द्र गुर्जर सहित हिण्डोरिया थाना पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
Damoh Police
Collector Office Damoh
Damoh, Damoh | Nov 23, 2026