जमुई: स्थानीय हुनर और उत्पादों को मिलेगी नई पहचान देने की कवायद शुरू
स्थानीय कलाकारों, कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के हुनर को बाजार उपलब्ध कराने और उनके उत्पादों को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से पहली बार दीपावली और धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार की शाम 5:00 बजे विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में तैयार पारंपरिक, हस्तनिर्मित और उपयोगी उत्पादों के स्टॉल लगाए गए। जिसका उद्घाटन डीएम द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डीएम नवीन ने कहा कि जमुई जिले में प्रतिभा और हुनर की कोई कमी नहीं है। यहां के कलाकारों और कारीगरों द्वारा कई आकर्षक एवं उपयोगी उत्पाद तैयार किए जाते हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि इन उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जाए और इनकी पहचान जिले से बाहर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे।
उन्होंने बताया कि दीपावली के अवसर पर उपयोग किए जाने वाले मिट्टी के दीये और मोमबत्तियां रिमांड होम के बच्चों द्वारा तैयार की गई हैं। इन उत्पादों को प्रदर्शनी में शामिल किया गया है, ताकि बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहन मिल सके और उनके हुनर को भी उचित पहचान मिले।
प्रदर्शनी में घनबेरिया का प्रसिद्ध पेड़ा लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। वहीं संकुलिया के कारीगरों द्वारा तैयार बांस के सूप, टोकरी और दौरा सहित छठ पूजा में उपयोग होने वाली विभिन्न सामग्रियों के स्टॉल भी लगाए गए। इसके अलावा सॉफ्ट टॉयज और जीविका दीदियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों को भी प्रदर्शित किया गया।
डीएम ने विशेष रूप से धनबेरिया के प्रसिद्ध पेड़े को बड़े पैमाने पर उत्पादित करने और इसके लिए व्यापक बाजार तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस पारंपरिक उत्पाद को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ जीआई टैग दिलाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। इससे स्थानीय उत्पादों की अलग पहचान बनेगी और इससे जुड़े कारीगरों एवं उत्पादकों को आर्थिक लाभ मिल सकेगा।
कार्यक्रम के अंत में डीएम नवीन ने जिलेवासियों को दीपावली और छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। साथ ही लोगों से स्थानीय उत्पादों को अपनाने और जिले के कलाकारों एवं कारीगरों का उत्साह बढ़ाने की अपील की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल, उप विकास आयुक्त सहित जिले के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे। #jamui #jamuibihar #viralreels
Jamui, Jamui | Nov 7, 2026