सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने मंगलवार को संयुक्त रूप से सदर अनुमंडल अंतर्गत रिविलगंज अंचल के जान टोला का दौरा किया। अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए संचालित सामुदायिक किचेन का स्थलीय निरीक्षण कर भोजन व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान अधिकारियों ने इलाके में कम हो रहे जलस्तर का भी मुआयना किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जलस्तर पूरी तरह कम होते ही क्षेत्र में तत्काल चूना, ब्लीचिंग पाउडर और गेमक्सिन पाउडर का छिड़काव कराया जाए।
प्रशासन का उद्देश्य बाढ़ का पानी उतरने के बाद महामारी एवं जलजनित बीमारियों के संभावित खतरे को रोकना और प्रभावित क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करना है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
Chapra, Saran | Sep 8, 2026