आज जिला पदाधिकारी, बांका द्वारा आरडीएसएस (RDSS) योजना के अंतर्गत राज्य योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन ग्रिड उपकेंद्र, अमरपुर एवं निर्माणाधीन विद्युत शक्ति उपकेंद्र, इंग्लिशमोड़ (खैरा) का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्युत शक्ति उपकेंद्र के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिया कि विद्युत शक्ति उपकेंद्र के निर्माण कार्य के साथ-साथ 33 केवी एवं 11 केवी विद्युत लाइनों के निर्माण कार्य को भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया, ताकि क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बेहतर, निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
इसके पश्चात जिला पदाधिकारी द्वारा राज्य योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन ग्रिड उपकेंद्र, अमरपुर का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में लगभग 50-60 मजदूर कार्यरत पाए गए। कार्य की धीमी प्रगति पर चिंता व्यक्त करते हुए जिला पदाधिकारी ने इसे गंभीर स्थिति बताया तथा कार्यपालक अभियंता को कार्य की धीमी गति के संबंध में स्थिति स्पष्ट करने का निर्देश दिया। कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसी को निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि ग्रिड उपकेंद्र के निर्माण कार्य के साथ-साथ 132 केवी संचरण लाइन का निर्माण भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर शीघ्र पूर्ण किया जाए। साथ ही सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप संपन्न कराने का निर्देश दिया, ताकि क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बेहतर, निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जा सके।
*"मद्यपान से दूरी, स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी।"*
141 views | Banka, Bihar | Nov 4, 2026