**पीएम धन-धान्य कृषि योजना (PMDDKY) की प्रगति की जिलाधिकारी ने की समीक्षा, निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का निर्देश**
जिलाधिकारी, बांका की अध्यक्षता में पीएम धन-धान्य कृषि योजना (PMDDKY) के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने एवं निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
इस क्रम में जिला उद्यान पदाधिकारी को ड्रिप सिंचाई एवं उद्यान विभाग की अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने, जिला कृषि यंत्रीकरण पदाधिकारी को कृषि यंत्रीकरण से संबंधित कार्यों में प्रगति लाने तथा भूमि संरक्षण पदाधिकारी को निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
साथ ही, लीड बैंक मैनेजर को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) की संख्या में वृद्धि करते हुए अधिकाधिक पात्र किसानों को इस योजना से आच्छादित करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने योजना के अंतर्गत अभिसरण (Convergence) मॉडल को प्रभावी ढंग से लागू करते हुए चयनित क्लस्टरों में विभिन्न विभागों की योजनाओं का समन्वित क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने तथा पीएम धन-धान्य कृषि योजना के क्रियान्वयन में बांका जिले को राज्य में प्रथम स्थान पर लाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का निर्देश दिया।जिला प्रशासन, बांका कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों के विकास तथा किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
*"मद्यपान से दूरी, स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी।"*
Banka, Bihar | Nov 25, 2026