अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में आज बांका में राज्य स्तरीय जनजातीय महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में माननीय विधायक, कटोरिया श्री पूरण लाल टुडू, माननीय विधायक, बेलहर श्री मनोज यादव एवं जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। महोत्सव का औपचारिक उद्घोषण अतिथियों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित किया और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। स्वागत गान के साथ अतिथियों का अभिनंदन किया गया तथा उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किए गए।
महोत्सव में विभिन्न जनजातीय समुदायों के कलाकारों ने अपने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किए। संथाल नृत्य सहित अलग-अलग जनजातीय नृत्यों ने दर्शकों का मन मोह लिया। डॉ. भीमराव अम्बेडकर आवासीय विद्यालय, ताराकुरा एवं चपरी की छात्राओं ने भी कई नृत्य-शैलियों में आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं। लखीसराय जिले से आए जनजातीय समुदाय के कुल 22 कलाकारों की विशिष्ट नृत्य प्रस्तुति कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। अंत में प्रदान (PRADAN) से जुड़े स्वयं सहायता समूहों द्वारा भी रंगारंग प्रस्तुति दी गई, जिसमें कई कलाकारों ने जनजातीय संस्कृति पर आधारित अनेक प्रकार के नृत्य प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि रही दो पुस्तकों का विमोचन, जो माननीय अतिथियों के करकमलों से संपन्न हुआ। "अरण्य समरसता एवं सशक्तिकरणः बांका की विकास यात्रा" में बांका जिले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग की योजनाओं, आवासीय विद्यालय, कल्याण छात्रावासों, विशेष शिविरों एवं उपलब्धियों का संकलन है। वहीं "रास्का" (संथाली में अर्थ खुशी) बिहार एवं बांका के विशेष संदर्भ में संथाल समाज की संस्कृति, परंपराओं और जीवन पर केंद्रित है। दोनों पुस्तकें जिला प्रशासन द्वारा तैयार की गई हैं।
जिला पदाधिकारी द्वारा अपने संबोधन में कहा गया कि यह बांका के लिए गौरव का विषय है कि मंदार पर्वत की इस धरती को राज्य स्तरीय जनजातीय महोत्सव की मेजबानी का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सरकार की प्रत्येक कल्याणकारी योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। माननीय विधायकों ने जनजातीय समाज की शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका पर बल देते हुए युवाओं से अपनी संस्कृति और भाषा से जुड़े रहने का आह्वान किया।
महोत्सव परिसर में जीविका, DRCC, कृषि विभाग, कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं ट्राइफेड (TRIFED) के काउंटर लगाए गए, जहाँ लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई। आदिवासी संस्कृति, कला एवं शिल्प के स्टॉल और जनजातीय फोटो बूथ भी आकर्षण का केंद्र रहे।
इसके साथ ही जनजातीय फूड कोर्ट बनाया गया था। प्रदान स्वयं सहायता समूह द्वारा फूड कोर्ट में मड़ुआ की इडली, मशरूम का पीठा और पाड़ा सहित अनेक पारंपरिक जनजातीय व्यंजन परोसे गए। साथ ही विभिन्न प्रकार की जड़ी-बूटियों का प्रदर्शन भी किया गया। जिला पदाधिकारी एवं माननीय विधायकों ने आमजनों के साथ बैठकर भोजन किया, व्यंजनों का आनंद लिया और उनकी सराहना की।
कार्यक्रम में जिले के वरीय पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मी, कलाकार एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
*"मद्यपान से दूरी, स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी।"*
Banka, Bihar | Nov 25, 2026