उपनगर पुर से 29वीं पदयात्रा गढ़बोर चारभुजा नाथ के लिए रवाना
धर्म ध्वजा के साथ श्रद्धालुओं ने लगाए जयकारे, भक्ति और उत्साह का दिखा माहौल
भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल
भीलवाड़ा के उपनगर पुर से गढ़बोर चारभुजा नाथ के लिए 29वीं पैदल यात्रा शुक्रवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना हुई। पदयात्रा में संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
पदयात्रा में शामिल सभी श्रद्धालु उपनगर पुर स्थित बड़े मंदिर लक्ष्मण भगवान के मंदिर परिसर में एकत्रित हुए। यहां विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कर भगवान से सुख-समृद्धि एवं यात्रा की सफलता की कामना की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने धर्म ध्वजा लेकर गढ़बोर चारभुजा नाथ के लिए प्रस्थान किया।
पदयात्रा के रवाना होने के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान चारभुजा नाथ के जयकारे लगाए। जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं में पदयात्रा को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
इस अवसर पर पदयात्रा के अध्यक्ष अनिल बिश्नोई, उपाध्यक्ष बंसीलाल माली, कोषाध्यक्ष रामनारायण छीपा एवं संगठन मंत्री नारायण लाल माली सहित संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं महिलाएं मौजूद रहीं।
उल्लेखनीय है कि उपनगर पुर से गढ़बोर चारभुजा नाथ के लिए यह 29वीं पदयात्रा है। वर्षों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा में श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल होकर भगवान चारभुजा नाथ के दर्शन के लिए पैदल यात्रा करते हैं।