शिक्षक हित, शिक्षा हित और राष्ट्र हित को लेकर शैक्षिक महासंघ का जिला सम्मेलन शुरू
आकोला (रमेशचंद्र डाड)अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) जिला इकाई शाहपुरा का दो दिवसीय जिला सम्मेलन शुक्रवार को श्री चारभुजानाथ मंदिर परिसर, कोटड़ी में भव्य रूप से शुरू हुआ। सम्मेलन में शाहपुरा जिले के जहाजपुर, कोटड़ी, फूलियाकलां, बनेड़ा एवं शाहपुरा खंडों से सैकड़ों शिक्षक शामिल हुए।
सम्मेलन के प्रथम सत्र की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संजीव कुमार शर्मा ने की। उन्होंने संगठन के मूल दर्शन “शिक्षक हित-शिक्षा हित-राष्ट्र हित” को रेखांकित करते हुए शिक्षकों को संगठन की गतिविधियों से सक्रिय रूप से जुड़ने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक भीलवाड़ा रामेश्वर लाल जीनगर ने विभागीय कार्यों एवं शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न विषयों की जानकारी दी। विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक जगजीतेंद्र सिंह, जिला संगठन मंत्री दुर्गाशंकर शर्मा एवं जिला महिला उपाध्यक्ष रामेश्वरी बगड़िया उपस्थित रहे।
शिक्षक एकता और संगठनात्मक शक्ति पर जोर
द्वितीय सत्र की अध्यक्षता अजमेर संभाग संगठन मंत्री महेश कुमार शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि शिक्षक सम्मेलन केवल विचार-विमर्श का अवसर नहीं, बल्कि शिक्षक समाज की एकता, संगठनात्मक शक्ति और सामूहिक संकल्प को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच है।
मुख्य वक्ता सूर्य प्रकाश शर्मा, प्रांत सह संयोजक कुटुंब प्रबोधन, चित्तौड़ प्रांत ने संत रविदास जी के जीवन एवं उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए सामाजिक समरसता को मजबूत करने पर जोर दिया।
जिला मंत्री अमर सिंह चौहान ने महासंघ द्वारा वर्षभर किए गए कार्यों का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस सत्र में जिला कोषाध्यक्ष एवं जिला सम्मेलन संयोजक शांतिलाल पोखरणा तथा जिला महिला मंत्री शांति धाभाई भी उपस्थित रहीं।
“हमारा विद्यालय हमारा तीर्थ” का दिया संदेश
तृतीय सत्र के मुख्य वक्ता देवेंद्र शर्मा, प्रदेश संयुक्त मंत्री एबीआरएसएम राजस्थान ने “हमारा विद्यालय हमारा तीर्थ” विषय पर संबोधित करते हुए विद्यालय में प्रभावी प्रार्थना सभा की भूमिका के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
प्रांत गो सेवा प्रमुख भंवर भांभी ने शिक्षा को राष्ट्रवाद एवं राष्ट्रीय चेतना से जोड़ते हुए उसे अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया। तृतीय सत्र की अध्यक्षता जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष सीताराम चौधरी ने की। इस दौरान जिला संगठन मंत्री महिला चंदा सुवालका एवं कोटड़ी खंड अध्यक्ष पुष्पेंद्र काबरा मंच पर उपस्थित रहे।
सम्मेलन में कार्यक्रम सहसंयोजक सोजीराम माली, मंत्री कालूलाल शर्मा, जिला कार्यकारिणी से भगवान सिंह बनेड़ा, हनुमान प्रसाद शर्मा, शिवचरण शर्मा, मुकेश कुमावत, दिनेश शर्मा, दिनेश लक्षकार, अंबिका धाभाई, सोनाली मालू, जिला महिला संयुक्त मंत्री प्रिया सोनी, जिला पुरुष संयुक्त मंत्री रामगोपाल मीणा, शाहपुरा खंड अध्यक्ष नयन बुला, मंत्री संजय त्रिपाठी, फूलियाकलां खंड अध्यक्ष सत्यदेव पुरोहित, मंत्री चंद्रप्रकाश सोनी, जहाजपुर खंड अध्यक्ष मानसिंह मीणा, मंत्री कमल मीणा, बनेड़ा खंड अध्यक्ष वेदप्रकाश पारीक सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर जिला अध्यक्ष संजीव कुमार शर्मा एवं जिला मंत्री अमर सिंह चौहान ने सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन वैभव उपाध्याय एवं शिवचरण शर्मा ने किया।