गणपति बप्पा को धूमधाम से दी गई विदाई
ऑल माइट पब्लिक स्कूल काछोला में गणेश विसर्जन समारोह श्रद्धा और उल्लास के साथ सम्पन्न
असलम रंगरेज | काछोला
काछोला ऑल माइट पब्लिक स्कूल में गणेश जी की स्थापना के पांच दिन बाद शुक्रवार को गणपति बप्पा का विसर्जन समारोह श्रद्धा, उल्लास और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। विद्यालय परिसर से गणपति प्रतिमा को लेकर बच्चों ने भजनों और जयघोष के बीच भावपूर्ण विदाई दी।
इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राएं गणपति बप्पा की भक्ति में झूमते-नाचते नजर आए। बच्चों ने “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आना” के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धा और उत्साह के बीच बच्चों ने गणपति बप्पा से अगले वर्ष पुनः पधारने की प्रार्थना की।
विशेष रूप से बच्चों द्वारा मिट्टी एवं अन्य सामग्री से तैयार किए गए छोटे-छोटे गणपति स्वरूप भी विसर्जित किए गए। इससे बच्चों में धार्मिक आस्था के साथ-साथ रचनात्मकता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश भी देखने को मिला।
विद्यालय के डायरेक्टर विनय मालू एवं समस्त स्टाफ के सहयोग से कार्यक्रम व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। डायरेक्टर एवं स्टाफ ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए पूरे आयोजन में सहयोग किया।
गणेश विसर्जन समारोह ने विद्यार्थियों में भक्ति, संस्कार, रचनात्मकता, आपसी एकता और सामाजिक सद्भाव की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया