सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से अल्मोड़ा पुलिस ने यातायात नियमों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। पुलिस प्रशासन के नए निर्देशों के अनुसार, अब दोपहिया वाहन चलाने वाले के साथ-साथ पीछे बैठने वाली सवारी (पिलियन राइडर) के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है।
इस नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगामी 23 नवंबर से पूरे जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा और सख्त कानूनी कार्रवाई (चालान) की जाएगी। अल्मोड़ा पुलिस ने सभी वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी और अपनों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें, यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें और सुरक्षित सफर सुनिश्चित करें।