तीर्थनगरी ऋषिकेश शिवपुरी क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहाँ गंगा नदी में नहाने के दौरान राजस्थान से आए दो पर्यटक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। जानकारी के अनुसार, एक युवक और युवती अपने दो अन्य मित्रों के साथ ऋषिकेश घूमने आए थे और शिवपुरी स्थित एक कैंप में ठहरे हुए थे। रविवार सुबह युवक और युवती गंगा किनारे टहलने निकले थे। इसी दौरान नदी में नहाते समय पैर फिसलने या तेज बहाव का अंदाजा न लग पाने के कारण दोनों गहरे पानी में समा गए। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुआ युवक राजस्थान ऊर्जा निगम में जूनियर इंजीनियर (JE) के पद पर कार्यरत था। घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। प्रशासन और स्थानीय पुलिस द्वारा लगातार लोगों से अपील की जा रही है कि वे गंगा के डेंजर जोन (डूब क्षेत्र) में सावधानी बरतें और रोमांच या रील्स के चक्कर में अपनी जान जोखिम में न डालें।