• कहानी बदलाव की
• पारंपरिक खेती से पॉलीहाउस में जरबेरा उत्पादन तक, सीमा मेहता ने लिखी आत्मनिर्भरता की नई कहानी
• सरकारी अनुदान और आधुनिक तकनीक से बढ़ी आय, खेती को बनाया लाभकारी व्यवसाय’’
मेहनत, लगन और कुछ नया करने का हौसला हो, तो खेती भी सफलता और समृद्धि का मजबूत माध्यम बन सकती है। सीहोर विकासखंड के ग्राम बमूलिया निवासी श्रीमती सीमा मेहता ने इसे अपनी मेहनत से साबित कर दिखाया है। वर्षों तक पारंपरिक खेती करने वाली सीमा अब आधुनिक तकनीक से जरबेरा फूलों का उत्पादन कर अच्छी आय अर्जित कर रही हैं। उनकी यह सफलता न केवल उनके परिवार के लिए आर्थिक मजबूती लेकर आई है, बल्कि क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणा बन रही है।
सीमा मेहता पहले अपनी भूमि पर गेहूं की खेती करती थीं। इससे उन्हें लगभग 15 क्विंटल उत्पादन प्राप्त होता था। खेती में 10 हजार रुपये की लागत लगाने के बाद उन्हें करीब 29 हजार रुपये का शुद्ध लाभ मिलता था। हालांकि इससे परिवार का भरण-पोषण हो रहा था, लेकिन उनकी इच्छा खेती से आय बढ़ाने और कुछ नया करने की थी। वर्ष 2024-25 में उन्हें उद्यानिकी एवं संरक्षित खेती योजना की जानकारी मिली। उन्होंने इस अवसर का लाभ उठाते हुए सरकार से 16.88 लाख रुपये का अनुदान प्राप्त किया और 4,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में आधुनिक पॉलीहाउस स्थापित किया। इसके बाद उन्होंने पारंपरिक फसल के स्थान पर उच्च मूल्य वाले जरबेरा फूलों की खेती शुरू की। पॉलीहाउस तकनीक से फसल को मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से बचाने और बेहतर उत्पादन प्राप्त करने में मदद मिली।
सीमा मेहता की मेहनत और आधुनिक तकनीक का सकारात्मक परिणाम सामने आया। वर्ष 2026-27 के उत्पादन काल तक उनके पॉलीहाउस से प्रतिवर्ष लगभग 3.60 लाख जरबेरा फूलों का उत्पादन होने लगा। उत्पादन पर करीब 13.60 लाख रुपये की लागत के बाद उनकी वार्षिक आय 25.20 लाख रुपये तक पहुंच गई और उन्हें लगभग 11.60 लाख रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ। पारंपरिक खेती से आधुनिक फूलों की खेती तक का उनका सफर यह दर्शाता है कि सही मार्गदर्शन, तकनीक और मेहनत से कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाया जा सकता है। सीमा मेहता ने अपनी सफलता के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और जिले के उद्यानिकी विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। उनकी कहानी अन्य किसानों को भी नई तकनीक अपनाने और खेती में नवाचार करने की प्रेरणा देती है।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore
15 views | Sehore, Madhya Pradesh | Oct 15, 2026