मुख्यमंत्री यंग प्रोफेशनल्स दल ने किया सीहोर जिले का भ्रमण, विभिन्न विभागों की गतिविधियों का लिया जायजा
मुख्यमंत्री यंग प्रोफेशनल्स फॉर प्रोग्राम के अंतर्गत अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के मुख्यमंत्री यंग प्रोफेशनल्स के भ्रमण दल ने सीहोर जिले का भ्रमण किया। इस दौरान दल के सदस्यों ने विभिन्न शासकीय विभागों एवं संस्थानों की कार्यप्रणाली का अवलोकन कर संचालित योजनाओं, सेवाओं और गतिविधियों की विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान दल ने जिला पंचायत कार्यालय एवं कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रशासनिक कार्यप्रणाली, विभागीय समन्वय और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रक्रिया को समझा। अधिकारियों से चर्चा कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति, हितग्राहियों तक सेवाओं की पहुंच तथा प्रशासनिक व्यवस्था से संबंधित जानकारी प्राप्त की। इस दौरान यह भी जाना कि जिला स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभिन्न विभाग किस प्रकार समन्वय के साथ कार्य करते हैं।
भ्रमण दल ने जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। इसके साथ ही सांदीपनि विद्यालय पहुंचकर शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं और शिक्षा की गुणवत्ता से जुड़े पहलुओं का अवलोकन किया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की जानकारी लेते हुए ग्रामीण आजीविका संवर्धन और स्व-सहायता समूहों की भूमिका को भी समझा।
इसी क्रम में दल ने शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय का भ्रमण कर तकनीकी शिक्षा एवं प्रशिक्षण संबंधी गतिविधियों का जायजा लिया। तहसील और जनपद कार्यालयों में पहुंचकर राजस्व प्रशासन, स्थानीय स्तर पर शासकीय सेवाओं के संचालन तथा ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
इस भ्रमण का उद्देश्य विभिन्न शासकीय संस्थानों की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझना, योजनाओं के क्रियान्वयन के व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करना तथा प्रशासनिक व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं का अध्ययन करना रहा। भ्रमण के माध्यम से मुख्यमंत्री यंग प्रोफेशनल्स को जिला स्तर पर शासन की योजनाओं, जनसेवाओं और विकास गतिविधियों के संचालन की प्रक्रिया को समझने का अवसर मिला।
इस दौरान जिला पंचायत के अतिरिक्त कार्यपालन अधिकारी श्री संजय अग्रवाल, श्रीमती रिचा मिश्रा केन्द्र प्रमुख, गौरव अग्रवाल सलाहकार, श्री सुरेन्द्र कुमार चढ़ोकर सलाहकार, श्री सुनील कुमार सूर्यवंशी, श्री हरिओम मेवाड़ा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore
15 views | Sehore, Madhya Pradesh | Oct 15, 2026