• मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत सचिव श्री श्रीमन् शुक्ल ने किया सीहोर जिले का भ्रमण
• जन्म-मृत्यु पंजीयन व्यवस्था का किया निरीक्षण, तीन हितग्राहियों को वितरित किए प्रमाण पत्र
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, मध्यप्रदेश शासन के सचिव श्री श्रीमन् शुक्ल ने सीहोर जिले का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका सीहोर में जन्म-मृत्यु पंजीयन से संबंधित अभिलेखों का अवलोकन किया तथा पंजीयन प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने तीन हितग्राहियों को जन्म-मृत्यु पंजीयन प्रमाण पत्र वितरित किए और पंजीयन प्रक्रिया में नागरिकों को आने वाली समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
श्री श्रीमन् शुक्ल ने कार्यालय कलेक्टर स्थित जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय के माध्यम से संचालित सांख्यिकी संबंधी कार्यों तथा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजना एवं सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत कार्यों की स्वीकृति से संबंधित प्रक्रियाओं की समीक्षा की। जिला स्तर पर जन्म-मृत्यु पंजीयन की ऑनलाइन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने जिले में शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।
सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत भारत सरकार के ई-साक्षी पोर्टल के संचालन की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित कर्मचारी से पोर्टल पर सांसद की अनुशंसा के आधार पर कार्यों की स्वीकृति तथा राशि जारी करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन कराया गया। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने तथा कार्यों की प्रगति पर निगरानी रखने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान श्री श्रीमन शुक्ल ने सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत स्वीकृत नगर पालिका सीहोर एवं ग्राम पंचायत जहांगीरपुरा के निर्माण कार्यों का मौके पर पहुंचकर भौतिक निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर संयुक्त संचालक, आर्थिक एवं सांख्यिकी संचालनालय श्री विश्वजीत रायकवार, जिला योजना अधिकारी श्री संजय लक्केवार, कार्यपालन यंत्री श्री ए.के. पंथी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा की सहायक यंत्री श्रीमती ऐश्वर्या मोखले, नगर पालिका के सहायक यंत्री श्री विजय कोली, नगर पालिका सीहोर के रजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु) श्री अश्फाक खान सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore
7 views | Sehore, Madhya Pradesh | Oct 16, 2026