मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत पृथ्वीपुर विकासखंड की ग्राम पंचायतों में शासकीय संस्थाओं का औचक निरीक्षण
--
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशन में जिला अधिकारियों के विभिन्न दलों द्वारा पृथ्वीपुर विकासखंड की ग्राम पंचायतों में पहुंचकर शासकीय संस्थाओं के संचालन, व्यवस्थाओं एवं योजनाओं के क्रियान्वयन का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दलों ने ग्राम पंचायत बछौड़ा, विरोरा पहाड़ भाटा, माड़िया, गतारा, अछरूमाता, केरीपुरा, मबई, गोपालपुरा, नयाखेरा, बमरौली, बीरसागर ताल, जवारपुरा, ततारपुरा, घुरारा, मौजीपुरा एवं मजल सहित विभिन्न ग्रामों में पहुंचकर शासकीय विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों, ग्राम पंचायतों एवं छात्रावासों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर का आकलन किया गया। अधिकारियों ने आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति, उन्हें दिए जाने वाले नाश्ते एवं भोजन की गुणवत्ता, पेयजल और केंद्रों में उपलब्ध अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। इसके साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध व्यवस्थाओं तथा ग्राम पंचायतों एवं छात्रावासों के संचालन की स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई।
अधिकारियों द्वारा निरीक्षण के दौरान विभिन्न संस्थाओं में उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं एवं कमियों का बारीकी से अवलोकन कर संबंधित बिंदुओं पर जांच रिपोर्ट तैयार की गई। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासकीय सेवाओं एवं संस्थाओं की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाना तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #MukhyamantriJanVishwasAbhiyan #मुख्यमंत्री_जन_विश्वास_अभियान #GoodGovernance #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #niwari