मनियारा के घने जंगल से चार अवैध हथियार और 22 कारतूस बरामद
-एसएसबी कजरा और पीरीबाजार पुलिस ने संयुक्त रूप से चलाया सर्च ऑपरेशन
-बड़े पत्थरों के बीच सुरंगनुमा स्थान में काली पॉलीथिन में छिपाकर रखे गये थे हथियार
पीरीबाजार थाना क्षेत्र के मनियारा गांव के समीप घने जंगल और दुर्गम पहाड़ी इलाके से सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने चार अवैध हथियार और 22 जिंदा कारतूस बरामद किये हैं. मंगलवार को 16वीं वाहिनी, एसएसबी जमुई और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन तलाशी अभियान चलाकर यह सफलता हासिल की. बरामद हथियारों में दो .303 राइफल और दो देसी कट्टा शामिल हैं.आशंका है कि हथियारों को पूर्व में नक्सलियों ने छिपाकर रखा था.
एसएसबी की आसूचना शाखा और कजरा के आसूचना कर्मियों को 24 अक्तूबर को हथियार और गोला-बारूद छिपाये जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद कार्यवाहक कमांडेंट बांके बिहारी के निर्देश पर इलाके में तलाशी अभियान तेज किया गया. मंगलवार की अहले सुबह उनके नेतृत्व में एसएसबी के डी समवाय, कजरा के जवानों, पीरीबाजार थानाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह, एक प्रशिक्षित खोजी श्वान और डीएसएमडी की सहायता से अभियान चलाया गया.
*सात से आठ घंटे तक चली तलाशी*
संयुक्त टीम ने घने जंगल और दुर्गम पहाड़ियों में सात से आठ घंटे तक तलाशी ली। मंगलवार पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे पहाड़ी पर बड़े पत्थरों के बीच सुरंगनुमा स्थान में काली पॉलीथिन में छिपाकर रखे हथियार और कारतूस मिले. बरामद सामग्री में एक इंसास एलएमजी मैगजीन, 5.56 एमएम के नौ, 7.62 एमएम के पांच, 8 एमएम के पांच और 9 एमएम के तीन जिंदा कारतूस तथा एक स्लिंग भी शामिल है. हथियारों को जब्त कर कानूनी कार्रवाई के लिए पीरीबाजार थाना को सौंपा जा रहा है.