➡️ हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने ब्लैक आउट मॉकड्रिल आयोजित
➡️ स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय परिसर में हुआ मॉकड्रिल का आयोजन, विभिन्न बचाव दलों ने किया राहत एवं बचाव कार्य का अभ्यास
सागर, 27 नवंबर 2026
मध्यप्रदेश शासन गृह विभाग के निर्देशानुसार जिला सागर में हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय परिसर में ब्लैक आउट मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। मॉकड्रिल कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव के निर्देशन एवं संयुक्त कलेक्टर श्रीमती आरती यादव के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
मॉकड्रिल के निर्धारित परिदृश्य के अनुसार विश्वविद्यालय परिसर पर हवाई हमले की सूचना मिलते ही सायरन बजाकर ब्लैक आउट की कार्रवाई की गई। परिसर के कुछ स्थानों पर आग लगने की स्थिति निर्मित की गई, जिस पर तत्काल संबंधित क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया तथा फायर ब्रिगेड द्वारा आग बुझाने की कार्रवाई की गई।
इसके बाद एसडीईआरएफ, होमगार्ड, सिविल डिफेंस एवं आपदा मित्रों की फायर पार्टी, सर्च पार्टी, रेस्क्यू पार्टी और स्ट्रेचर पार्टी ने समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान घटनास्थल की सघन तलाशी लेकर यह सुनिश्चित किया गया कि कोई अन्य व्यक्ति घायल अथवा वहां फंसा हुआ नहीं है। बचाव दल ने चार गंभीर घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जबकि सामान्य घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।
संपूर्ण मॉकड्रिल का संचालन जिला सेनानी होमगार्ड सागर श्री भूपेंद्र सिंह ठाकुर द्वारा किया गया। मॉकड्रिल के समापन पर सभी रेस्क्यू दलों की डी-ब्रीफिंग की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके बाद मॉकड्रिल के सफल समापन की घोषणा की गई।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्री भूपेंद्र सिंह ठाकुर, स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी श्री पीके दत्ता, कंपनी कमांडर श्री अनिमेष राजपूत, प्लाटून कमांडर श्रीमती समीक्षा श्रीधर, हवलदार स्टोरमैन श्रीमती लक्ष्मी अहिरवार, हवलदार वाहन चालक श्री अनिल चढ़ार, आरक्षक श्री सौरभ सिंह चौहान, मुख्य अग्नि प्रशिक्षक श्री अरुण कुमार सिंह, श्री मनीष दुबे, सिविल डिफेंस डिवीजन वार्डन श्री राजेश मिश्रा सहित फायर विभाग, एनसीसी, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ के अधिकारी-कर्मचारी और जवान उपस्थित रहे। मॉकड्रिल में 50 से अधिक सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स एवं आपदा मित्रों ने भी सहभागिता की।
#jansamparkMP #sagar