#Balrampur ! राष्ट्रीय एकता दिवस पर आबकारी विभाग ने जगाई नशामुक्ति की अलख, विद्यार्थियों को दिलाई शपथ...
#बलरामपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस पर आबकारी विभाग ने जिले के विभिन्न विद्यालयों में नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव बताकर नशे से दूर रहने और नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने की शपथ दिलाई गई।
डीएवी इंटर कॉलेज, सिटी बलरामपुर में आबकारी निरीक्षक आरडी वर्मा ने इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार, शिक्षा और सामाजिक जीवन को भी बुरी तरह प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों में लगाने की अपील की।
इसी क्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल बालिका इंटर कॉलेज, श्रीदत्तगंज (उतरौला) में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां छात्राओं को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान बताए गए और परिवार व समाज को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रमों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। आबकारी विभाग का उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाकर स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।