₹Balrampur ! सरकारी विद्यालय में कॉन्वेंट स्कूलों जैसी व्यवस्था, छात्राओं के लिए शुरू हुआ हाउस सिस्टम...
डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन की पहल पर विशुनपुर विश्राम विद्यालय में चार हाउस गठित, प्रेसिडेंट और वाइस प्रेसिडेंट भी चुने गए...
#बलरामपुर। सरकारी विद्यालयों की छात्राएं अब पढ़ाई के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और नेतृत्व क्षमता में भी अपनी प्रतिभा दिखाएंगी। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की पहल पर पचपेड़वा ब्लॉक के राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय विशुनपुर विश्राम में कॉन्वेंट स्कूलों की तर्ज पर हाउस सिस्टम की शुरुआत की गई है।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को विद्यालय में रेड, येलो, ग्रीन और ब्लू हाउस का गठन किया गया। छात्राओं को उनके हाउस के रंग की टी-शर्ट भी वितरित की गई। साथ ही प्रत्येक हाउस से प्रेसिडेंट और वाइस प्रेसिडेंट बनाए गए, जिन्हें अपने समूह की गतिविधियों के संचालन और समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई।
दरअसल, पिछले महीने विद्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचियों और प्रतिभाओं की जानकारी ली थी। इस दौरान उन्होंने छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और नेतृत्व क्षमता विकसित करने वाली गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया था। इसी क्रम में हाउस सिस्टम लागू करने के निर्देश दिए गए थे।
नई व्यवस्था से छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। चारों हाउस के बीच होने वाली गतिविधियों से टीम भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही छात्राओं में जिम्मेदारी निभाने और नेतृत्व करने का व्यावहारिक अनुभव भी विकसित होगा।
सरकारी विद्यालय में इस तरह की पहल से छात्राओं में खासा उत्साह है। डीएम की इस पहल को सरकारी शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव और छात्राओं को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।