इस्लामिया अंजुमन मदरसा काछोला ईदगाह में भेंट किया वाटर कूलर
बिसायती परिवार ने मरहूम बुजुर्गों की याद में की जनसेवा, पेश इमाम ने फीता काटकर किया शुभारंभ
असलम रंगरेज (काछोला )
काछोला। इस्लामिया अंजुमन मदरसा (ईदगाह) काछोला में विद्यार्थियों एवं आमजन के लिए बिसायती परिवार की ओर से वाटर कूलर भेंट किया गया। मरहूम बुजुर्गों की याद में की गई इस सेवा पहल से मदरसा परिसर में आने वाले विद्यार्थियों, आमजन को गर्मी के दौरान शीतल पेयजल की सुविधा मिल सकेगी।
वाटर कूलर का शुभारंभ काछोला जामा मस्जिद के पेश इमाम मोहम्मद शाह आलम अशरीफ ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मदरसा एवं ईदगाह परिसर में वाटर कूलर लगने से विद्यार्थियों और आमजन को काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थल पर पेयजल की व्यवस्था करना सेवा और नेक कार्य है, जिससे जरूरतमंद लोगों को सीधा लाभ मिलता है।
बुजुर्गों की याद को सेवा से जोड़ा
बिसायती परिवार की ओर से मरहूम बुजुर्गों की याद में वाटर कूलर भेंट कर उनकी स्मृति को जनसेवा से जोड़ा गया। परिवार की इस पहल की समाज के लोगों ने सराहना की। उपस्थित लोगों ने कहा कि धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराना समाजहित का महत्वपूर्ण कार्य है।
वाटर कूलर की सुविधा शुरू होने से मदरसे में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के साथ ईदगाह में आने वाले लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान मदरसा कमेटी के सदस्यों ने वाटर कूलर भेंट करने वाले परिवार का आभार जताया।
इस अवसर पर हाजी मोहम्मद रमजान अली बिसायती, हाजी मोहम्मद साबिर रंगरेज, अशरफ अली अब्दुल सलाम रंगरेज, अब्बास अली, मुन्ना कुरैशी, शाहिद सहित समाज के लोग उपस्थित रहे।
Bhilwara, Bhilwara | Sep 21, 2026