प्रकृति प्रेम और सामाजिक संदेश के साथ मनाई गई आर.पी. जैन की जयंती
निर्मला जैन द्वारा आयोजित दो दिवसीय नेचर एंड प्लांट एक्सपो बना आकर्षण का केंद्र
पौधों से जुडक़र ही हम अपनी आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ कल दे सकते हैं : निर्मला जैन
भिवानी, 14 सितंबर : शहर के प्रख्यात एवं सम्मानित व्यक्तित्व अधिवक्ता आर.पी. जैन की जयंती के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति प्रेम की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली। उनकी स्मृति में उनकी धर्मपत्नी निर्मला जैन द्वारा 12 एवं 13 सितंबर को दो दिवसीय भव्य नेचर एंड प्लांट एक्सपो का आयोजन किया गया। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में संस्कृति जैन ने सहयोगी के रूप में अपनी महत्वपूर्ण और सक्रिय भूमिका निभाई। स्थानीय हांसी गेट स्थित मुबारक गार्डन में आयोजित इस एक्सपो का दृश्य बेहद आकर्षक और प्रेरणादायी था। एक्सपो में विभिन्न प्रजातियों के दुर्लभ एवं सुंदर पौधों, कलात्मक गमलों तथा प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी अनेक उपयोगी वस्तुओं के स्टॉल लगाए गए। भिवानी शहरवासियों ने इस एक्सपो में बढ़-चढक़र भाग लिया और पर्यावरण को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया। आयोजन के अवसर पर निर्मला जैन ने कहा कि स्व. आर.पी. जैन का जीवन हमेशा समाज, न्याय और प्रकृति के प्रति समर्पित रहा। उनकी जयंती पर इस एक्सपो का आयोजन करना उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देने का एक प्रयास है। पौधे केवल हमारे आसपास का वातावरण ही सुंदर नहीं बनाते, बल्कि जीवन को नई ऊर्जा और सांसें भी प्रदान करते हैं। हमारा उद्देश्य भिवानी के प्रत्येक नागरिक के मन में प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी का भाव जगाना है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो यही हमारे समाज और प्रकृति के लिए सबसे बड़ा योगदान होगा। दो दिवसीय आयोजन के प्रथम दिन मुख्य अतिथि के रूप में भिवानी के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पवन कुमार ने शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और स्व. आर.पी. जैन के जीवन मूल्यों को याद करते हुए इस हरित पहल की मुक्त कंठ से सराहना की। एक्सपो के दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध उद्योगपति निकेश शाह उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में रामचंद्र मित्तल ने उपस्थिति दर्ज कराई। अतिथियों ने स्टॉलों का अवलोकन किया और आयोजकों के इस प्रयास की प्रशंसा की। सायंकालीन सत्र में पवन कुमार बवानीवाला एवं उनकी धर्मपत्नी मधु बवानीवाला ने विशेष रूप से पहुंचकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और आयोजकों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर भिवानी शहर की अनेक जानी-मानी हस्तियां, समाजसेवी, अधिवक्ता, व्यापारी एवं बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे। सभी ने स्व. आर.पी. जैन को अपनी भावांजलि अर्पित की और इस दो दिवसीय एक्सपो को पर्यावरण जागरूकता की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी कदम बताया।