भिवानी की आवाज को प्रदेश स्तर पर बुलंद करेंगे : समीर खटीक
कांग्रेस एससी विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष बनने पर समीर खटीक ने सांसद दीपेंद्र हुड्डा का जताया आभार
भिवानी, 14 सितंबर : कांग्रेस पार्टी के एक कार्यक्रम के दौरान हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के एससी विभाग के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष समीर खटीक ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा से विशेष मुलाकात की। इस दौरान समीर खटीक ने सांसद दीपेंद्र हुड्डा को पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपे जाने पर आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। मुलाकात के दौरान भिवानी जिले की वर्तमान स्थिति, जनसमस्याओं तथा स्ष्ट समाज से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। समीर खटीक ने भिवानी शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, पेयजल आपूर्ति, सीवरेज व्यवस्था, जर्जर सडक़ों, सफाई व्यवस्था, युवाओं की समस्याओं, किसानों-मजदूरों के मुद्दों तथा गांवों में मूलभूत सुविधाओं के अभाव से संबंधित विषयों को सांसद के समक्ष रखा।
समीर खटीक ने कहा कि प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी उनके लिए महज एक पद नहीं है, बल्कि यह समाज और संगठन के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है। वे अनुसूचित जाति समाज के लोगों की शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सम्मान, संवैधानिक अधिकारों और राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दों को हर स्तर पर मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने प्रतिबद्धता जताई कि भिवानी के हर वर्ग की जायज मांग को कांग्रेस संगठन के माध्यम से उचित मंच तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
इस अवसर पर सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने समीर खटीक को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से वंचित, शोषित और कमजोर वर्गों के अधिकारों एवं उनके सम्मान की लड़ाई मजबूती से लड़ती रही है। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भिवानी के युवाओं, किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों, व्यापारियों और स्ष्ट समाज सहित हर वर्ग की समस्याओं को गंभीरता से उठाना बेहद जरूरी है। उन्होंने समीर खटीक को निर्देश दिया कि वे जमीनी स्तर पर आम लोगों से जुडक़र उनकी समस्याओं को संगठन के माध्यम से आगे बढ़ाने का काम करें और सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलें। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भिवानी के लोगों की जायज आवाज को कांग्रेस हर उचित मंच पर उठाएगी और सामाजिक न्याय तथा समान अवसर के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी।
समीर खटीक ने नेतृत्व का धन्यवाद करते हुए कहा कि दीपेंद्र हुड्डा और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, उसके लिए मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। मेरा प्रयास रहेगा कि भिवानी की जनता और स्ष्ट समाज की आवाज को केवल भिवानी तक सीमित न रखकर प्रदेश स्तर तक मजबूती से पहुंचाया जाए। उन्होंने आगे बताया कि आने वाले समय में भिवानी के शहर से लेकर गांवों तक घर-घर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी और जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष किया जाएगा।
इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के कई प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में एआईसीसी के पूर्व सचिव प्रदीप नरवाल, सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री राव दान सिंह, पूर्व भिवानी विधायक शिव शंकर भारद्वाज, भिवानी ग्रामीण कांग्रेस जिला अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी एवं भिवानी शहरी कांग्रेस जिला अध्यक्ष सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।