स्वामित्व योजना से ग्रामीणों को मिल रहा जमीन का कानूनी मालिकाना हक, ग्राम खेजड़ा सतीशी में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण
---------------------------------------
विधायक सूर्यप्रकाश मीणा ने ग्रामीण को सौंपी अंतिम रजिस्ट्री, नटेरन तहसील के 84 गांवों में 11 हजार से अधिक परिवारों को मिलेगा निःशुल्क मालिकाना अधिकार
---------------------------------------
विदिशा। मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी स्वामित्व योजना ग्रामीणों को उनकी आवासीय भूमि का वैधानिक मालिकाना हक दिलाने के साथ आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में विदिशा जिले की नटेरन तहसील के ग्राम खेजड़ा सतीशी में स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री का शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण कर लिया गया है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में ग्राम में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्री सूर्यप्रकाश मीणा ने ग्राम की अंतिम रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूर्ण कर हितग्राही को दस्तावेज सौंपे तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति की घोषणा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी श्री अजय पाठक ने की। उन्होंने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीण आबादी क्षेत्र में निवासरत परिवारों को उनके आवासीय भूखंडों का निःशुल्क पंजीयन कराकर वैधानिक मालिकाना अधिकार प्रदान किए जा रहे हैं। इससे ग्रामीणों को अपनी संपत्ति का आधिकारिक दस्तावेज प्राप्त हो रहा है। योजना में आधुनिक डिजिटल तकनीक का उपयोग करते हुए अधिकार पत्र एवं रजिस्ट्री से संबंधित प्रमाण पत्र सीधे हितग्राहियों के मोबाइल फोन पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ग्रामीण इन्हें डाउनलोड कर सुरक्षित रखने के साथ विभिन्न शासकीय एवं वित्तीय कार्यों में उपयोग कर सकते हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री सूर्यप्रकाश मीणा ने कहा कि स्वामित्व योजना ग्रामीण परिवारों को उनकी संपत्ति का कानूनी अधिकार दिलाने की महत्वपूर्ण पहल है। अब ग्रामीण अपनी जमीन के विधिवत भूमि स्वामी बन रहे हैं। भूमि का वैध दस्तावेज उपलब्ध होने से उन्हें बैंक से ऋण प्राप्त करने, स्वरोजगार एवं छोटे व्यवसाय स्थापित करने तथा अपनी आमदनी बढ़ाने के नए अवसर मिल सकेंगे। उन्होंने कहा कि योजना से ग्रामीणों की संपत्ति संबंधी सुरक्षा मजबूत होगी और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
विधायक श्री मीणा ने ग्राम खेजड़ा सतीशी में निर्धारित लक्ष्य को समय-सीमा में पूर्ण करने पर राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए पूरी राजस्व टीम को बधाई देते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
नटेरन तहसीलदार श्री पीयूष जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि नटेरन तहसील के कुल 84 ग्रामों में स्वामित्व योजना के अंतर्गत 11 हजार से अधिक निःशुल्क रजिस्ट्रियों का कार्य संचालित किया जा रहा है। इसके माध्यम से हजारों ग्रामीण परिवारों को उनके आवासीय भूखंडों का वैधानिक मालिकाना हक उपलब्ध कराया जा रहा है। ग्राम खेजड़ा सतीशी में शत-प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। कार्यक्रम में वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के अलावा राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। #vidisha
12 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Nov 6, 2026