जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन, 106 से अधिक युवाओं ने कराया पंजीयन, 50 से अधिक प्रतिभागियों ने रखे विचार
---------------------------------------
एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर पक्ष-विपक्ष में युवाओं ने किया प्रभावशाली संसदीय विमर्श, विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित
---------------------------------------
विदिशा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत द्वारा युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ने, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकसित भारत युवा संसद 2026-27 की जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन सम्राट अशोक प्रौद्योगिकी संस्थान (SATI), इंजीनियरिंग कॉलेज विदिशा में किया गया। माय भारत विदिशा के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर लोकतांत्रिक विमर्श और संसदीय परंपराओं के प्रति अपनी समझ एवं विचार अभिव्यक्ति का परिचय दिया।
त्योहारों के व्यस्त समय के बावजूद प्रतियोगिता के लिए माय भारत पोर्टल के माध्यम से 106 से अधिक युवाओं ने ऑनलाइन पंजीयन कराया। इनमें से 50 से अधिक प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में सक्रिय रूप से भाग लेकर अपने वक्तव्य प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता का मुख्य विषय *‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ (One Nation, One Election)* रखा गया था। प्रतिभागियों ने विषय के पक्ष एवं विपक्ष में अपने तर्क प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। इस दौरान चुनावी सुधारों, संसदीय लोकतंत्र, लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा राष्ट्र के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सार्थक चर्चा हुई।
प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को संसदीय प्रक्रिया को समझने, राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर तार्किक दृष्टिकोण विकसित करने तथा अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर मिला। युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने यह भी प्रदर्शित किया कि नई पीढ़ी लोकतांत्रिक मूल्यों और देश के भविष्य से जुड़े विषयों के प्रति जागरूक है।
▪️ पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल ने किया मूल्यांकन -
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के वक्तव्यों, विषय की समझ, तर्क क्षमता एवं प्रस्तुतीकरण का मूल्यांकन पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल द्वारा किया गया। निर्णायक मंडल में इतिहासकार श्री गोविंद देवोलिया, पूर्व प्राचार्य एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री कैलाश नारायण शर्मा, जिला खेल अधिकारी श्री प्रदीप रावत, शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. रवि राजन तथा यूथ आइकॉन श्री अभिषेक सुमन शामिल रहे।
निर्णायक मंडल द्वारा किए गए मूल्यांकन के आधार पर प्रतियोगिता में श्री गौरव विरुरकर ने प्रथम, श्री तनीष जैन ने द्वितीय तथा सुश्री रिशिता धाकड़ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तृतीय स्थान के लिए सुश्री रिशिता धाकड़ एवं श्री शिव शंकर शर्मा के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा रही। दोनों प्रतिभागियों के मध्य विषय से संबंधित 10 प्रश्नों पर आधारित टाई-ब्रेकर राउंड आयोजित किया गया, जिसके परिणाम के आधार पर सुश्री रिशिता धाकड़ को तृतीय स्थान प्रदान किया गया।
▪️ विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित -
प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्राट अशोक प्रौद्योगिकी संस्थान के निदेशक डॉ. वाई.के. जैन तथा उपस्थित निर्णायक मंडल के सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति में ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर युवाओं की सहभागिता और उनकी विचार अभिव्यक्ति की सराहना की गई।
▪️ राष्ट्रीय स्तर पर 786 जिलों में आयोजित हो रही प्रतियोगिता -
उल्लेखनीय है कि विकसित भारत युवा संसद 2026-27 का आयोजन देश के 36 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के 786 जिलों में किया जा रहा है। जिला स्तरीय प्रतियोगिता से प्रत्येक जिले के तीन प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागियों में से शीर्ष तीन को राष्ट्रीय स्तर पर अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तरीय युवा संसद का आयोजन विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) के राज्य स्तरीय आयोजन के साथ समन्वय स्थापित कर किया जाएगा। इसके माध्यम से विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, सांस्कृतिक ट्रैक एवं युवा संसद की गतिविधियों को एक मंच पर आयोजित किया जाएगा। विकसित भारत युवा संसद 2026-27 का राष्ट्रीय चरण 9 एवं 10 जनवरी 2027 को नई दिल्ली स्थित संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। इसके बाद चयनित प्रतिभागी 11 एवं 12 जनवरी 2027 को आयोजित होने वाले विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में सहभागिता करेंगे।
▪️ युवा नेतृत्व एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करना उद्देश्य -
कार्यक्रम का आयोजन जिला युवा अधिकारी माय भारत विदिशा श्री अभिषेक भारद्वाज के मार्गदर्शन एवं समन्वय में माय भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों (NYVs) की विदिशा टीम के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक विमर्श के लिए मंच उपलब्ध कराना, उनमें नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन एवं प्रभावी संवाद कौशल विकसित करना तथा युवा पीढ़ी के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक सुदृढ़ करना रहा। #vidisha
7 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Nov 6, 2026