सामाजिक न्याय के पुरोधा बाबू शिवदयाल चौरसिया की पुण्यतिथि 18 सितंबर को
सपा कार्यालय में जुटेंगे पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाज के लोग; सामूहिक श्रद्धांजलि सभा का होगा आयोजन
बस्ती। समाजवादी विचारधारा के वरिष्ठ नेता, समाजसेवी एवं सामाजिक न्याय के प्रखर योद्धा बाबू शिवदयाल चौरसिया की पुण्यतिथि आगामी 18 सितंबर को समाजवादी पार्टी कार्यालय पर श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोग एकत्र होकर बाबू शिवदयाल चौरसिया के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे और उनके विचारों एवं सामाजिक योगदान को याद करेंगे।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव रामकरन चौरसिया ने बताया कि प्रत्येक वर्ष बाबू शिवदयाल चौरसिया की पुण्यतिथि अलग-अलग स्थानों पर आयोजित होती रही है। इस बार सभी साथियों के साथ विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिया गया है कि पुण्यतिथि का कार्यक्रम एक स्थान पर सामूहिक रूप से समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर सकें।
रामकरन चौरसिया ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा भी प्रत्येक वर्ष बाबू शिवदयाल चौरसिया की जयंती और पुण्यतिथि पर पत्र जारी कर उनके सामाजिक योगदान और विचारों को स्मरण किया जाता है। उन्होंने कहा कि बाबू शिवदयाल चौरसिया ने समाज के शोषित, वंचित और कमजोर वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाने के साथ ही लोगों को जोड़ने और सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण कार्य किया।
उन्होंने कहा कि बाबू शिवदयाल चौरसिया का संघर्ष, सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और समाज को एकजुट करने की सोच आज भी प्रासंगिक है। उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ उनके विचारों और सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
18 सितंबर को होने वाली सामूहिक पुण्यतिथि सभा को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह है।
Basti, Basti | Sep 11, 2026