*बस्ती: हरैया पुलिस को बड़ी सफलता, समय माता मंदिर में चोरी का खुलासा, 23 किलो पीतल के घंटे-घंटी, दानपात्र और नकदी बरामद, 2 चोर गिरफ्तार*
*जनपद बस्ती, 11 सितंबर 2026।* थाना हरैया पुलिस टीम ने मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने *कोहले समय माता मंदिर* में हुई चोरी का सफल अनावरण करते हुए चोरी गए दो दान पात्र, पीतल के 5 लोटे, 9 बड़े-मध्यम घंटे, 22 छोटी घंटियां और कुल 2,342 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना हरैया पर पंजीकृत *मु0अ0सं0-253/2026 धारा-305(D) BNS* की विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दिनांक *10.09.2026 को रात करीब 11:45 बजे* एस.बी. एकेडमी थाना खास के उत्तर तरफ निर्माणाधीन मकान के पश्चिम दिशा में स्थित गड्ढे के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर तीन संदिग्ध चोरी का सामान छोड़कर भागने लगे, जिन्हें पुलिस ने हिकमत अमली से दौड़ाकर 2 को पकड़ लिया।
*गिरफ्तार अभियुक्त:*
1. रोहित शर्मा पुत्र काली प्रसाद शर्मा, उम्र 22 वर्ष, निवासी एकडंगी, थाना हरैया, जनपद बस्ती।
2. सुबाष गिरी पुत्र रामदेव, उम्र 32 वर्ष, निवासी थाना खास (गोसाई पुरवा), थाना हरैया, जनपद बस्ती।
*बरामदगी का विवरण:*
1. दो दान पात्र, तीन बड़ा व दो छोटा पीले धातु (पीतल) का लोटा।
2. एक बड़ा वाला घंटा पीले धातु का वजन 11 किलो 550 ग्राम।
3. आठ मध्यम आकार के घंटे पीले धातु के वजन 6 किलो 200 ग्राम।
4. 22 छोटी घंटियां पीले धातु की वजन 5 किलो 300 ग्राम।
5. 1,342 रुपये दान पेटिका से व 1,000 रुपये नकद - कुल 2,342 रुपये। इस प्रकार कुल *23 किलो 50 ग्राम* पीतल के घंटे-घंटियां बरामद हुईं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा-317(2) BNS की वृद्धि की गई है।
*पूछताछ में बड़ा खुलासा:* अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने 02.09.2026 को कोहले समय माता मंदिर से दान पात्र व तांबे के लोटे चोरी कर एकडंगी पंचायत भवन के पीछे झाड़ी में छिपा दिए थे। 10.09.2026 को बंटवारा करने आए थे। इनका मुख्य सरगना अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। पूछताछ में बताया कि एक घंटा थानेश्वर मंदिर से और 30 घंटियां कुश गिरी द्वारा अलग-अलग मंदिरों से चुराकर लाई गई थीं। तांबे-पीतल के लगभग 20 लोटे राहगीरों और हाईवे पर ट्रक ड्राइवरों को बेच चुके हैं, उसी से बचे पैसे बरामद रुपये हैं। पुलिस के अनुसार यह गिरोह मंदिरों को निशाना बनाता था और चोरी के बर्तन कबाड़ में बेच देता था। फरार तीसरे सरगना और कुश गिरी की तलाश जारी है।
*गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक हरैया संजय कुमार का सराहनीय नेतृत्व रहा।* एसपी बस्ती ने उनकी तत्परता की प्रशंसा की है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के साथ उ0नि0 दिनेश कुमार सिंह मय हमराह हे0का0 वरुण राय, का0 धर्मेन्द्र यादव, उ0नि0 सुरेन्द्र यादव, उ0नि0 कामेश्वर मिश्रा मय हमराह का0 अभिषेक वर्मा, का0 आर्यप्रताप सिंह, वाहन चालक हे0का0 दीपराज यादव शामिल रहे।
*थाना हरैया पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है और मंदिर समितियों ने पुलिस का आभार जताया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मंदिरों में सीसीटीवी और ताला की व्यवस्था मजबूत रखें और किसी संदिग्ध को देखकर तुरंत 112 पर सूचना दें।*
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Sep 11, 2026