एपस्टीन फाइल विवाद में घिरे हरदीप सिंह पुरी को राज्यसभा प्रत्याशी बनाने का विरोध, दमोह में कांग्रेस ने फूंका पुतला
दमोह। एपस्टीन फाइल से जुड़े विवाद के बीच भारतीय जनता पार्टी द्वारा केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को मध्यप्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव का प्रत्याशी बनाए जाने के फैसले का विरोध शुरू हो गया है। इसी क्रम में आज शुक्रवार शाम 7 बजे जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के अंबेडकर चौक पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए हरदीप सिंह पुरी का पुतला दहन किया और भाजपा सरकार के फैसले पर नाराजगी जाहिर की। वही मौके पर मौजूद फायर ब्रिगेड की मदद से पुतले को बुझाया गया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि भाजपा अपने फैसले पर पुनर्विचार करे और एपस्टीन मामले से जुड़े सवालों पर निष्पक्ष जांच कराकर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ऐसे विवादों के बीच पुरी को राज्यसभा प्रत्याशी बनाया जाना मध्यप्रदेश की प्रतिष्ठा से जुड़ा सवाल है।
कौन हैं हरदीप सिंह पुरी: हरदीप सिंह पुरी भारतीय विदेश सेवा (IFS) के पूर्व अधिकारी हैं। उन्होंने करीब 39 वर्षों तक राजनयिक के रूप में सेवाएं दीं। वर्ष 2009 से 2013 तक संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि रहे। वर्तमान में वे केंद्र सरकार में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हैं। भाजपा ने उन्हें मध्यप्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव का प्रत्याशी बनाया है।
उल्लेखनीय है कि एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों में पुरी के नाम और संपर्कों को लेकर कांग्रेस सवाल उठा रही है। हालांकि पुरी इन आरोपों को खारिज कर चुके हैं।
इस प्रदर्शन दिनेश रैकवार, नितिन मिश्रा, राहुल राव लाखन, बसंत कुशवाहा, समीम कुरैशी, पप्पू कसौटिया, अजय जाटव, परम यादव, मुकेश रोहितास, कमला निषाद, दिवाकर कर्मकार, जावेद खान और अफजल खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Damoh, Damoh | Nov 1, 2026