नशा मुक्ति का संकल्प लेकर जीण माता धाम निकला 11 सदस्यीय जत्था पहुंचा पोकरवास, ग्रामीणों ने ली नशे से दूर रहने की शपथ
युवाओं को स्वस्थ, सकारात्मक जीवन शैली की ओर अग्रसर करना ही सबसे बड़ा सेवा कार्य : सरपंच भरत शर्मा
भिवानी, 12 अक्तूबर : सामाजिक सरोकार और जनकल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत भिवानी से राजस्थान स्थित जीण माता धाम के लिए रवाना हुआ 11 सदस्यीय पदयात्री जत्था सोमवार को गांव पोकरवास पहुंचा। यह जानकारी देते हुए महात्मा ज्योतिबा फूले धर्मार्थ ट्रस्ट के महासचिव विजय सिंहमार पर्यावरण प्रहरी, उपाध्यक्ष रिंकू ख्यालीराम व सुखविंद्र दुहन ने बताया कि महात्मा ज्योतिबा फूले धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश सैनी के नेतृत्व में निकाली जा रही इस 8 दिवसीय पदयात्रा का मुख्य ध्येय धार्मिक आस्था के साथ समाज को नशा मुक्ति का कड़ा संदेश देना है। कुल 230 किलोमीटर की इस पदयात्रा के दौरान जत्था रास्ते में पडऩे वाले तमाम गांवों व कस्बों में जागरूकता की अलख जगा रहा है। पोकरवास आगमन पर ग्रामीणों को एकत्रित कर नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया और उन्हें जीवन में कभी भी किसी प्रकार का नशा न करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। गांव पहुंचने पर स्थानीय सरपंच भरत शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पदयात्रियों का फूल-मालाओं के साथ आत्मीय स्वागत किया और इस मानवीय पहल की मुक्तकंठ से सराहना की। इस मौके पर महात्मा ज्योतिबा फूले धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश सैनी ने यात्रा के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पदयात्रा केवल एक सामान्य धार्मिक अनुष्ठान या रीति-रिवाज नहीं है, बल्कि यह हमारे समाज की जड़ों को खोखला कर रहे नशे के खिलाफ लिया गया एक मजबूत संकल्प है। हमारा लक्ष्य पैदल चलकर हर उस चौपाल और घर तक पहुंचना है, जहां जागरूकता की जरूरत है, ताकि हमारी युवा पीढ़ी सही मार्ग चुन सके और एक स्वस्थ समाज का निर्माण हो। वही सरपंच भरत शर्मा ने महात्मा ज्योतिबा फूले धर्मार्थ ट्रस्ट के जत्थे के प्रयासों को सराहते हुए कहा कि आज के दौर में युवाओं को नशे की गंभीर बुराई से बचाना और उन्हें एक स्वस्थ, सकारात्मक जीवन शैली की ओर अग्रसर करना ही सबसे बड़ा पुण्य और सेवा कार्य है। धार्मिक यात्रा के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार करने की यह पहल बेहद प्रेरणादायक है और इससे पूरे क्षेत्र के युवाओं को नई दिशा मिलेगी। गांव पोकरवास में शपथ ग्रहण और संवाद के उपरांत ग्रामीणों की शुभकामनाओं के साथ यह 11 सदस्यीय जत्था अपने अगले पड़ाव की ओर आगे बढ़ गया। इस अवसर पर आनंद शर्मा, अशोक शर्मा, केशव सिंगल, नंदा बॉक्सर, धर्मपाल, नरेश वर्मा, गोविंद सैनी, कविता, मीना देवी सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।